धमतरी
प्रशासन ने हटाया डिवाइडर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 जून। ग्राम कोडेबोड़ के पास नेशनल हाईवे में रोड डिवाइडर को हटाने की मांग करते हुए कांग्रेसी नेताओं की अगुवाई में 10 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। एनएच एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के समझाने पर भी जब बात नहीं बनी तो बुलडोजर मंगवाकर आने-जाने का रास्ता बनवाया गया। तब कहीं जाकर आंदोलनकारी सडक़ से हटे और आवागमन सुचारू हो पाया।
कुरुद से 8 किमी दूर रायपुर रोड पर स्थित ग्राम कोडेबोड में बनी नई सडक़ पर डिवाइडर लगा कर इस पार से उस पार आने जाने का रास्ता बंद कर दिया गया। सडक़ के दोनों किनारे बसे गांव के लोगों को दो किमी घुमकर इस पार आना पड़ रहा था। जिसको लेकर ग्रामीणों ने पूर्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंप अपनी समस्या बताई थी। कुछ भाजपा नेताओं की अगुवाई में एक बार सडक़ पर उतर विरोध प्रदर्शन भी किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम करने का फैसला लिया गया।
बुधवार को कोडेबोड़, सिर्री, संकरी, गोजी, अटंग, आलेखूटा आदि गांवों के सैकड़ों लोग सडक़ पर उतर डिवाइडर हटाने की मांग करने लगे। जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, कुरुद नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भरत नाहर, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष शर्मा, योगेश कुर्मी, उत्तम साहू आदि कांग्रेसी नेताओं ने मौके पर पहुंच गामीणों की मांग को सही ठहराते हुए अपना समर्थन दिया।
चक्काजाम की खबर मिलते ही एनएच अथार्टी के बड़े अफसर, एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। उनके समझने के बावजूद जब ग्रामीण नहीं मानें तो बुलडोजर से बैरिकेड तोडक़र रास्त बनवाया गया। इसके बाद ही आंदोलनकारी सडक़ से हटे और यातायात सुचारू हो पाया।
इस बारे में एसडीओपी कृष्णा पटेल ने बताया कि अपनी मांगें मनवाने ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए रोड बाधित किया था, वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी मांग पूरी कर दी तो ग्रामीण सडक़ से हट गए। घटना में लॉ एण्ड आर्डर की स्थिति नहीं थी, इसलिए किसी पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।


