धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 9 अप्रैल। शहर में ट्रैफिक नियमों को फॉलो करने के लिए पुलिस काफी मशक्कत कर रही है, इसके बावजूद वाहन चालक रांग साइड में चलना नहीं छोड़ रहे हैं। तीन सवारी और बिना लाइसेंस के भी लोग फर्राटे भर से वाहन चला रहे हैं। पुलिस ने नियम तोडऩे वाले 90 दिनों में 2929 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इससे वाहन चालकों में हडक़ंप मच गया।
रायपुर और बस्तर के बीच धमतरी एक उभरता हुआ प्रमुख व्यापारिक नगरी हैं। करीब सवा लाख की आबादी वाले इस शहर में खरीदारी के लिए आसपास गांवों के अलावा कस्बे शहर भखारा, नगरी, मगरलोड,कुरूद, गुरूर, बालोद, कांकेर, नरहरपुर, चारामा, गरियाबंद और केशकाल, कोंडागांव तक से लोग आते हैं। यही वजह है कि धमतरी शहर में ट्रैफिक समस्या उत्पन्न हो जाती हैं। खास कर नेशनल हाइवे और सदर बाजार में कुछ ऐसे पाइंट हैं, जहां लोग रांग साइड में चलकर दूसरों की जिंदगी को दांव पर लगाने से नहीं चूकते। इसके अलावा नेशनल हाइवे में घंटों चारपहिया वाहन को खड़ा कर लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं।
ट्रैफिक डीएसपी मणिशंकर चन्द्रा के मार्गदर्शन में बीते तीन महीने अर्थात 90 दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने 2 हजार 929 वाहन चालकों के खिलाफ सीएफ चालानी कार्रवाई की हैं। इसमें वाहन चालकों से 10 लाख 21 हजार 8 सौ रुपए समन शुल्क वसूला गया। इसी तरह 478 वाहन चालकों का प्रकरण बनाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद 2 लाख 31 हजार रुपए वसूला गया।
इस तरह तीन महीने में धमतरी जिले में कुल 3 हजार 407 प्रकरण बनाकर चालानी कार्रवाई की गई। इन वाहन चालकों से 12 लाख 52 हजार 8 सौ रुपए वसूला गया।


