धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 फरवरी। जिला प्रशासन की ओर से चिटफंड कंपनी जेएसबी रियल इंफ्रा लिमिटेड कंपनी की कुर्क संपत्ति को बेचकर निवेशकों को पैसा लौटने विशेष न्यायालय ने मुहर लगा दी है। विशेष न्यायालय के आदेश के बाद अब प्रशासन जल्द ही कुर्की की कार्रवाई कर संपत्तियों को बेच सकेगा।
जिले में चिटफंड कंपनियों की बंधक चल-अचल संपत्तियों को बेचकर निवेशकों को राशि लौटाने के लिए बड़ा दबाव है। निवेशकों की ओर से बार-बार थाना, एसपी और कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राशि वापसी की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से कुल 15 चिटफंड कंपनियों की संपत्तियों को बंधक बनाकर न्यायालय में पेश किया था। इसमें से 8 कंपनियों के मामले में पहले आदेश हो चुका है।
अब विशेष न्यायालय (छग निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम-2005) के न्यायाधीश केएल चरयानी ने चिटफंड जेएसबी रियल इंफ्रा लिमिटेड कंपनी की कुर्की मामले की सुनवाई पूरी कर दी। न्यायालय ने इस कंपनी के डायरेक्टर कन्हैया लाल ओझा, धनेश कुमार निषाद,हीरा सिंह यादव, नितिन राव शेंडे, पंकज कुमार, सुशील साकार, कमलेश्वरी सिन्हा, एनएम शिंदे, अखिलेश पांडेय, कुसुम देवांगन, हीरामन साहू आदि के खिलाफ सुनवाई करते हुए कंपनी की कुर्क की गई संपत्ति को बेचकर राशि लौटाने का आदेश दिया।
संपत्ति एक नजर में
जेएसबी रियल इन्फ्रा लिमिटेड कंपनी एवं अन्य अनावेदकों ने बिरगुड़ी में 1.37 हेक्टेयर, भखारा में 0.22 हेक्टेयर एवं 0.02 हेक्टेयर, बोरगहन में 0.34 हेक्टेयर, अरकार में 0.59 हेक्टेयर, कसही बाहरा (बागबाहरा) में 1.93 हेक्टेयर, भाठागांव में 0.376 हेक्टेयर, कोडिय़ा में 0.43 हेक्टेयर तथा लभांडी में जमीन है। कंपनी की बंधक संपत्तियों को अब जिला प्रशासन को नीलामी करने की अनुमति मिल गई।


