धमतरी

महाशिवरात्रि पर बूढ़ेश्वर व रूद्रेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करने उमड़ी भीड़
18-Feb-2023 3:36 PM
महाशिवरात्रि पर बूढ़ेश्वर व रूद्रेश्वर मंदिर  में जलाभिषेक करने उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 फरवरी।
महाशिवरात्रि पर अलसुबह से महानदी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर पुण्य स्नान किया। शहर के बूढ़ेश्वर महादेव व रूद्री के रूद्रेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक व दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ व लंबी कतार लगी।
शहर व गांवों के शिव मंदिरों में भी पूजा-अर्चना व जलाभिषेक करने श्रद्धालु पहुंचते रहे। शाम को रूद्रेश्वर मंदिर परिसर समेत कई जगह मेला लगा, जहां श्रद्धालुओं व लोगों ने मेला का लुत्फ उठाया। मंदिर स्थलों व चौक-चौराहों पर महाशिवरात्रि को लेकर जगह-जगह प्रसादी वितरण भी हुआ। बूढ़ेश्वर मंदिर में हुए  विविध कार्यक्रम इतवारी बाजार स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में सुबह मंगल आरती व दर्शन पूजन हुआ। दोपहर साढ़े 12 बजे राजभोग आरती हुई। पौने 4 बजे महाभिषेक किया गया। रात में 8 बजे महाआरती एवं भोग लगाया गया। रात साढ़े 11 बजे महाश्रृंगार मंगल आरती और रात 12 बजे रूद्राभिषेक किया गया।

शिवजी की निकली बारात, 
2 किमी का रास्ता  किया 
5 घंटे में तय

किले के श्री बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में 17 फरवरी से 24 घंटे का अखंड जलाभिषेक शुरू हुआ। सुबह से ही बाबा का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की खचाखच भीड़ लगी रही। जलाभिषेक का कार्यक्रम शनिवार सुबह 5.30 बजे समाप्त होगा। इसके पूर्व बाबा का मेहंदी रस्म भी पूरा किया गया। शाम करीब 5 बजे विंध्यवासिनी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद भगवान शिव की आकर्षक बारात निकाली गई, जिसमें बनारस से अघोरी बाबा की टोली भगवान महाकाल के वेश में नंदी, भृंगी के साथ शामिल हुए। 
रास्ते भर श्रद्धालु हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए चल रह थे। दूसरी ओर दुर्ग से शिव-पार्वती विवाह झांकी और कलकत्ता से 3 अलग-अलग झांकियां भी शोभायात्रा में आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे। यह शोभायात्रा शहर के रामबाग, सदर बाजार, कचहरी चौक, घड़ी चौक, रत्नाबांधा चौक होते हुए श्री बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा का समापन हुआ।

 


अन्य पोस्ट