धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 फरवरी। चार बंदूकधारियों ने एक स्कूली छात्र का अपहरण कर लिया। किसी तरह वह चंगुल से निकल कर एक बस चालक के साथ पुलिस थाना पहुंचा और अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने सकुशल उसे परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह घटना 15 फरवरी की दोपहर ढाई बजे की है। अर्जुनी के भोयना निवासी एक स्कूली छात्र के पास आकर एक वैन रूकी। उसमें सवार एक युवक ने रास्ता पूछने के बहाने उसे पास बुलाया और फिर जबर्दस्ती गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया।
इस बीच एक युवक ने इंजेक्शन लगाकर उसे बेहोश कर दिया। रात करीब 10 बजे जगदलपुर से 3 किमी पहले जब उसकी बेहोशी टूटी तो देखा कि कार में कोई नहीं है। इधर-उधर नजर दौड़ाया, तो कुछ दूरी में ढाबा नजर आया। किसी तरह हाथ-पैर में बंधी रस्सी को खोलकर वह कार से भाग निकला। एक बस को उसने हाथ देकर रोक लिया। बस में बैठते ही चालक को अपनी आपबीती सुनाई। इससे चालक, परिचालक को माजरा समझते देर नहीं लगी। वे उसे लेकर जगदलपुर थाना पहुंचे।
पुलिस को उसने अपने अपहरण की पूरी जानकारी देते हुए परिजनों का नाम-पता और मोबाइल नंबर दे दिया। जगदलपुर पुलिस का फोन आते ही बच्चे के पिता और मामा जगदलपुर गए और उसे सकुशल लेकर लौटे। उधर, परिजनों ने छात्र के गुम होने की सूचना अर्जुनी पुलिस को दे दी थी। शुक्रवार को दोपहर 1 बजे अर्जुनी थाना में पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।


