धमतरी

ठेकेदार ने बगैर अनुमति 15 किमी एरिया पर काटे 1077 पेड़, जब्त जेसीबी होगी राजसात
09-Feb-2023 3:42 PM
ठेकेदार ने बगैर अनुमति 15 किमी एरिया पर काटे 1077 पेड़, जब्त जेसीबी होगी राजसात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 9 फरवरी।
रायपुर से विशाखापट्टनम मार्ग पर 463 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे बन रहा है। यह केंद्र सरकार की भारत माला प्रोजेक्ट की सडक़ धमतरी के कुरुद से होकर गुजर रही है। सडक़ निर्माण में 15 किमी एरिया में करीब 1077 पेड़ सामने आए, जिसे काटने की अनुमति कलेक्टर ने वन विभाग को दिया, लेकिन वन विभाग की बगैर अनुमति ठेकेदार ने मनमर्जी पेड़ काटे। कई कीमती पेड़ भी कट दिए, जो सडक़ निर्माण के लिए बाधा नहीं थे। निरीक्षण के बाद वन विभाग ने एक जेसीबी जब्त कर राजसात की कार्रवाई कर रही है, जबकि राजस्व विभाग से एसडीएम सोनाल डेविड कुरूद ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने प्रकरण तैयार बना रहे है।

धमतरी डीएफओ मयंक पांडेय ने बताया कि धमतरी कलेक्टर ने वन विभाग को 1077 पेड़ों को काटने की अनुमति दी थी, लेकिन इससे वन विभाग अपनी कार्रवाई शुरू करता, इसके पहले ठेकेदार ने 1 हजार 77 पेड़ अपनी जेसीबी लगवा कर उखड़वा दिए। धमतरी रेंजर महादेव कन्नौने ने बताया कि पेड़ काटने के लिए जिम्मेदार शालिमार कंपनी के ठेकेदार है।

वन विभाग को सूचना मिली की कुरूद क्षेत्र में लकड़ी की अवैध परिवहन हो रही है। डीएफओ मयंक पांडेय ने जांच करने धमतरी रेंजर महादेव कन्नौजे को भेजा, तो उन्हें सडक़ पर ठूंठ ही नजर आई। कुछ जगह पेड़ की शाखाएं पड़ी थी। जांच हुई, तो खुलासा हुआ कि ठेकेदार ने पेड़ों को कटवा दिया।

उन्होंने अपने स्तर की कार्रवाई कर आगे की कार्रवाई के लिए दस्तावेज कुरुद एसडीएम को सौंपा है। इसकी जांच और कार्रवाई का जिम्मा अब राजस्व विभाग का है, क्योंकि जमीन राजस्व की है, लेकिन सवाल यह कि ठेकेदार ने 1 हजार से ज्यादा पेड़ जेसीबी लगाकर खुलेआम उखाड़े और कटवा दिए, लेकिन जिला प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी।


अन्य पोस्ट