धमतरी

48 लाख क्विंटल का लक्ष्य भी नहीं हुआ पूरा 3 हजार से अधिक किसान धान बेचने से वंचित
01-Feb-2023 2:44 PM
 48 लाख क्विंटल का लक्ष्य भी नहीं हुआ पूरा  3 हजार से अधिक किसान धान बेचने से वंचित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 धमतरी, 1 फरवरी।
केन्द्रों में अंतिम दिन धान बेचने के लिए किसानों की भीड़ लगी रही। इसके बाद भी इस साल धान खरीदी का शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सका है। टोकन नहीं कटने के चलते कई किसानों को मायूसी हाथ लगी। तीन हजार से अधिक पंजीकृत किसान इस साल धान बेचने से वंचित हो गए हैं।

सूत्रों की मानें तो इस साल 48 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन आखिरी दिन तक करीब 45 लाख क्विंटल की ही धान खरीदी हो पाई। ऐसे में लक्ष्य की पूर्ति नहीं होने से अधिकारी-कर्मचारियों की भी परेशानी बढ़ गई है।

इस साल धमतरी जिले की 74 समिति व 98 केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की गई। इसके लिए जिले के करीब 1 लाख 21 हजार से अधिक किसानों ने अपना पंजीयन कराया था। 

एक जानकारी के अनुसार 31 जनवरी की स्थिति में एक लाख 17 हजार 843 किसानों से 45 लाख 30 हजार 295 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जबकि इस साल 48 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया था। 

बताया गया है कि अंतिम केन्द्रों में समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए किसानों की भारी भीड़ लगी रही। सूत्रों की मानें तो मंगलवार को 25 केन्द्रों में एक हजार 279 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसमें शासन से पंजीकृत किसानों से एक लाख 71 हजार 940 क्विंटल मोटा, 12 लाख 88 हजार 893 क्विंटल पतला और 15 लाख 30 हजार 461 क्विंटल सरना धान की खरीदी की गई है, जिसकी कुल लागत 926 करोड़ से अधिक है। 

उधर समय-सीमा के बाद भी करीब 3 हजार पंजीकृत किसान इस साल धान बेचने से वंचित हो गए हैं। इससे किसानों को निराशा हाथ लगी है।
कुल किसान- 121278
धान बेचे- 117842
वंचित- 3436
अंतिम दिन खरीदी- 1289 किसान 
से 1279 क्विंटल
कुल खरीदी- 4530257 क्विंटल
धान खरीदी की राशि- 926 करोड़ 
75 लाख 3 हजार
जिले में मिलर्स- 219 पंजीकृत


अन्य पोस्ट