धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 19 जनवरी। जिला मुख्यालय में 74वां गणतंत्र दिवस सादगी से मनेगा। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर लगातार तीसरे साल स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। आयोजन स्थल में जिले के 17 विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं को दर्शाती झांकियां निकाली जाएगी। धरसींवा विधायक अनिता शर्मा ध्वजारोहण करेंगी। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने विभाग प्रमुखों को जिम्मेदारी सौंपा है।
सभी विभाग में 26 जनवरी को सुबह 7.30 बजे तक ध्वजारोहण होगा। 8 बजे कलेक्टोरेट में ध्वजारोहण के लिए उपस्थित होंगे। समारोह के लिए अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को सुबह 8.30 बजे डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उमावि के एकलव्य खेल मैदान में होगा। कलेक्टर ने जिन अधिकारियों को दायित्व सौंपा है, वे अपनी तैयारी की जानकारी लेकर समय सीमा की बैठक में उपस्थित रहेंगे।
पुलिस व नगर सैनिकों की तैयारी शुरू
समारोह की संपूर्ण व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम धमतरी आयुक्त की होगी। वे सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। ध्वजारोहण के बाद पुलिस और नगर सैनिकों की टुकडिय़ां सलामी के लिए तैयारी कर रहे है। समारोह स्थल पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जिला कमांडेंट नगर सेना धमतरी द्वारा किया जाएगा।
अफसरों को मिली यह जिम्मेदारी
अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक- गणतंत्र दिवस समारोह की संपूर्ण व्यवस्था और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली है।
पुलिस विभाग- मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण के लिए वाहन व्यवस्था, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार और शहीद परिवार को निमंत्रण देने, ध्वज की व्यवस्था सहित परेड निरीक्षण।
पीडब्ल्यूडी व जल संसाधन- समारोह स्थल में बेरिकेटिंग, मैदान समतलीकरण, रंग-रोगन, मार्च पास्ट, ट्रेक निर्माण व मुख्य अतिथि के बैठक व्यवस्था।
पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास व नगर निगम- पंडाल, अतिथियों और गणमान्य नागरिकों के लिए कुर्सी की व्यवस्था की जिम्मेदारी।
वन विभाग- बांस-बल्ली और मार्च पास्ट एवं झांकी के लिए अलग-अलग पुरस्कार की व्यवस्था।
नगर निगम धमतरी- समारोह स्थल में पानी पिलाने के लिए कर्मचारियों और परेड ग्राउंड की सफाई की व्यवस्था।
तहसीलदार धमतरी, खाद्य अधिकारी व जनसंपर्क- सेक्टरवार मुख्य अतिथियों, विशेष अतिथि, मीडियाकर्मियों की बैठने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार और शहीद परिजनों की बैठक व्यवस्था।
सीएमएचओ- एंबुलेंस, पैरामेडिकल, औषधियां और स्वास्थ्य अमले की व्यवस्था करने का दायित्व।


