धमतरी

एक करोड़ का ऑक्सीजन प्लांट लगा, फिर भी मरीजों को दे रहे मोल की प्राणवायु
26-Dec-2022 2:29 PM
एक करोड़ का ऑक्सीजन प्लांट लगा, फिर भी मरीजों को दे रहे मोल की प्राणवायु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 दिसंबर। कोरोना के दौर में धमतरी जिले के कुरुद और भखारा में कऱीब एक करोड़ की लागत से तैयार आक्सीजन प्लांट अब तक तो बेकाम ही सिद्ध हुए हैं। भखारा में कॉपर पाइप चोरी होने के नौ महीने बाद भी उसे ठीक नहीं किया गया है। कुरुद में अब भी मरीजों को मोल का ऑक्सीजन दिया जा रहा है। ऐसे में कोरोना लौट आया तो क्या होगा कहना मुश्किल है।

 गौरतलब है कि पड़ोसी देश में कोरोना का कहर बढ़ता देख यहां की सरकारें फिर से कोरोना से बचाव के लिए गाइडलाइन जारी कर रही है। जिसमें स्वास्थ्य सुविधाओं को चाक-चौबंद रखना भी शामिल हैं। कोविड-19 की दूसरी लहर में आक्सीजन की कमी से बेमौत मरते देख सरकार ने छोटे नगरों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने का फैसला किया। जिसके तहत सिविल हॉस्पिटल कुरूद मे करीब आधा करोड़ की लागत से प्लांट लगाया गया। अस्पताल के पिछले हिस्से में स्थापित प्लांट में विधुत उपकरण, आधुनिक मशीनें, मैंटल टैंक जैसे बड़े बड़े तामझाम लगाये गये हैं। इसमें तैयार होने वाली आक्सीजन से 30 मरीजों को लगातार प्राणवायु मिल सकती है।

 इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा में भी 50 लोगों को आक्सीजन देने में सक्षम प्लांट लगाया गया है। लेकिन पिछले डेढ़-दो साल में इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के रखरखाव एवं संचालन के लिए प्रशिक्षित स्टाफ नहीं होने से अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर पर काम चलाऊ लोगों को ही रखरखाव का जिम्मा दे रखा है। करोड़ों की लागत से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट बिना संचालन एवं रखरखाव के पड़े हैं।
 
अनट्रेंड लोगों द्वारा ऑपरेट करने  से ऑक्सीजन प्रोडक्शन एवं चलिटी पर असर पड़ सकता है। आधुनिक मशीनों का सही संचालन नहीं होने से अस्पतालों में दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
इसी तरह के एक मामले में धमतरी में एक बार आग लगने की घटना हो चुकी है। भखारा में नव निर्मित प्लांट से कीमती कॉपर पाइप लाइन की चोरी को नौ महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों को नहीं ढूंढ पाई है।

 इस बारे में बीएमओ डॉ. यूएस नवरत्न ने बताया कि भखारा की स्थिति की जानकारी पुलिस, सीजीएमएसी सहित आला अधिकारियों को दे दी गई है। विभागीय गाइड लाइन के मुताबिक कुरुद की स्वास्थ्य व्यवस्था को और चाक चौबंद किया जा रहा है।

ऑक्सीजन प्लांट की उपयोगिता के संबंध में पूछे जाने पर डॉ. नवरत्न का कहना है कि वर्तमान में प्लांट की क्षमता के हिसाब से अस्पताल में मरीज नहीं है। इसलिए सीएमओ ऑफिस धमतरी से मिलने वाले छोटे सिलेंडरों के माध्यम से मरीजों को ऑक्सीजन दिया जाता है।।


अन्य पोस्ट