धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 दिसंबर। मगरलोड ब्लाक के ग्राम पंचायत बिरझुली में मनरेगा के तहत 24.9 लाख की राशि से नागनाला चेकडेम का निर्माण किया गया है। चेकडेम बनने से गांव के 100 किसानों की 30 हेक्टेयर भूमि को कृषि कार्य के लिए पानी मिलेगा। अब गांव के किसान रबी में भी चेकडेम से पानी लेकर सिंचाई कर सकेंगे।
बिरझुली मगरलोड ब्लाक से 18 किमी की दूरी पर है। यहां के ग्रामीणों ने 10 साल पहले से चेकडेम बनाने की मांग कर रहे थे। वित्तीय वर्ष 2019 में 14 लाख 9 हजार रुपए एवं एकीकृत जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम के तहत 10 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली। वित्तीय वर्ष 2021 में चेकडेम, नाला डायवर्सन का काम पूरा हुआ। इसमें 4860 मनरेगा मजदूरों को काम मिला। नागनाला में निर्मित चेकडेम का जल ग्रहण क्षेत्र लगभग 150 हेक्टेयर एवं सिंचित क्षेत्रफल लगभग 30 हेक्टेयर है, जिसमें सिंचाई व जल स्तर को स्थिर रखने का कार्य कर रही है। लगभग 45 फीट चौड़ाई नागनाला चेकडेम में बारहों महीने 6 फीट गहराई तक पानी है।
अब पानी एकत्रित होगा चेकडेम में
बिरझुली की सरपंच यादेश्वरी साहू ने बताया कि नागनाला में चेकडेम निर्माण होने से किसानों को सिंचाई सुविधा में विस्तार हुआ है। पहले नाले का पानी धीरे-धीरे बहकर निकल जाता था, कोई सदुपयोग नहीं हो पाता था। अब पानी का उपयोग किसान सिंचाई समेत अन्य साधनों के लिए कर सकेंगे। किसान बहुरसिंग ध्रुव, विशालराम, रामायण सिन्हा, नोहर सिंह पटेल, शेख अनवर, सोनी बाई, भुलेश्वरी बाई आदि ने बताया कि जिस समय फसल को पकने के लिए पानी की आवश्यकता होती है, किसान मोटर पंप लगाकर चेकडेम से सिंचाई कर पाएंगे। जलस्तर बना रहेगा जिला पंचायत सीईओ प्रियंका महोबिया ने कहा कि बिरझुली के नाग नाले में चेकडेम निर्माण हुआ है। इससे किसानों को कृषि कार्य में सुविधा होगी। पशु-पक्षियों को पीने के लिए पानी, ग्रामीणों को भी निस्तारी की सुविधा मिलेगी। चेकडेम बनने से आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर भी बना रहेगा।


