धमतरी

जनसमस्या निवारण शिविर में अव्यवस्था का आलम
22-Dec-2022 3:33 PM
जनसमस्या निवारण शिविर में अव्यवस्था का आलम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद,  22 दिसंबर।
कुरुद में तहसील स्तरीय जनसमस्या शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कई अव्यवस्था नजऱ आई। जनप्रतिनिधियों एवं सक्षम अधिकारियों के पहुंचने पर निर्धारित समय के डेढ़ घंटे बाद शिविर प्रारंभ हुआ। जिसमें कई विभागों के काउंटर और बैनर पोस्टर भी नहीं दिखे। समस्याओं का निराकरण करने अधिकारियों की जगह कर्मचारी ही अपने विभाग की जिम्मेदारी सम्हालते नजऱ आए।
 आम लोगों की समस्या सुलझाने जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम ने सभी शासकीय विभाग प्रमुखों को 22 दिसम्बर को सुबह 10 बजे से खेल मैदान में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में मौजूद रहने का लिखित फरमान जारी किया था। सतारुढ पार्टी के ब्लाक अध्यक्ष ने भी मिडिया के माध्यम से आमजन को शिविर में भाग लेने का आग्रह किया था लेकिन वे खुद ही नहीं पहुंचे। 
साढ़े 11 बजे जनपद अध्यक्ष शारदा साहू, उपाध्यक्ष जानसिंग यादव, नपं सभापति मनीष साहू, राघवेन्द्र सोनी आदि ने शिविर का शुभारंभ किया। इसके पहले तक टेंट,दरी, कुर्सी लाने लगाने का काम चलता रहा। राजस्व, लोकनिर्माण जैसे कुछ और विभाग ने अपना बैनर तक नहीं लगाया था। जिसके चलते लोगों को भटकना पड़ा। दोपहर 1बजे तक सर्वाधिक 19 शिकायत राजस्व विभाग को मिली थी। कृषि विभाग में 13 शेष विभाग में इक्का दुक्का लोग ही पहुंचे। निरीक्षण में पहुंच कांग्रेसी नेता नीलम चन्द्राकर, तपन चंद्राकर, प्रमोद साहू, आशीष शर्मा, रमेशर साहू ने देखा कि अधिकांश विभाग के स्टाल में सक्षम अधिकारियों की जगह छोटे कर्मचारी ही बैठे हैं। इस बारे में तहसीलदार नीलकंठ जनबंधु का कहना था कि शुरुआती व्यवस्था में थोड़ा विलम्ब हुआ लेकिन अब सब ठीक तरह से चल रहा है।

 


अन्य पोस्ट