धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 दिसंबर। मकई तालाब में एक अज्ञात युवक की सड़ी-गली लाश मिली है। पुलिस ने तालाब से शव बाहर निकाला, तो गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई। लाश करीब 48 से 72 घंटे पुरानी है। आशंका है कि हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। घटनास्थल से कोतवाली की दूरी महज 1 किमी है। 24 घंटे चहल-पहल और बस्ती के किनारे हुई हत्या से सुरक्षा पर अब सवाल उठ रहे है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार की शाम करीब 4 बजे मकई तालाब में कुछ मजदूर लोग हाथ-पैर धोने गए हुए थे। इस दरम्यान उनकी नजर वहां तैर रही लाश पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर डीएसपी शेरसिंग बंदे, साइबर क्राइम प्रभारी नरेश बंजारे की टीम वहां पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। लाश से बदबू उठ रही थी। किसी तरह लाश को तालाब से बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसका गला किसी धारदार हथियार से कटा हुआ था। सिर में भी गहरी चोट के निशान थे। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मान रही है। करीब 3 घंटे के बाद पुलिस ने पतासाजी की तो उसकी शिनाख्त कांति चतुर्वेदी (35) निवासी साल्हेवारपारा के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि पिछले एक हफ्ता पहले घर से निकला था। वह जब वापस नहीं आया तो सिटी कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई गई।
पत्नी से रहता था अलग
पुलिस कुछ बिन्दु तय कर अपनी जांच कर रही है। घटना दिनांक को वह किस-किस से मिला, अंतिम समय किसके साथ देखा गया। किसी के साथ कोई व्यक्तिगत रंजिश तो नहीं थी। मृतक सब्जी मार्केट में हमाली का काम करता था। वह अपने परिवार के साथ ही रहता था। पत्नी करीब 8 साल पहले विवाद होने के बाद उसे छोडक़र मायके चली गई।


