धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 11 दिसंबर। शराब बिक्री की रकम को बैंक में जमा न कर करीब 9.85 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले सेल्समैन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विजेन्द्र दास मानिकपुरी देशी शराब दुकान मगरलोड में मुख्य विक्रयकर्ता के पद पर पदस्थ रहते हुए 1 जून 2020 की शराब बिक्री रकम 5 लाख 44 हजार 320 रुपए में से 1 लाख 90 हजार रुपए जमा किया, जबकि 3 लाख 54 हजार 320 रुपए जमा नहीं किया। 3 अगस्त 2020 की शराब बिकी राशि 9 लाख 85 हजार 920 रुपए में से 920 एवं 720 रुपए जमा किया, 9 लाख 85 हजार रुपए जमा नहीं किया।
920 रुपए के बैंक जमा में 920 के आगे 985 रुपए जोडक़र 9 लाख 85 हजार 920 रुपए कूटरचित पर्ची जमा कर लाभ अर्जन के उद्देश्य से शेष राशि को गबन कर धोखाधड़ी की।
प्रार्थी आबकारी उपनिरीक्षक वैभव मित्तल की शिकायत पर मगरलोड ने आरोपी विजेन्द्र को धारा 409, 420, 467, 468, 471 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि आरोपी राजधानी रायपुर में किराए का एक मकान लेकर छिपकर रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वह दबिश देकर विजेन्द्र दास मानिकपुरी (28) घठुला (सिहावा) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


