धमतरी
कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स संचालकों की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 दिसंबर। जिले में समर्थन मूल्य में धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हुआ है। कई राइस मिलर्स कस्टम मिलिंग नियम में लापरवाही बरत रहे है। जांच के बाद 8 दिसंबर को खाद्य विभाग ने 2 राइस मिल से 851 क्विंटल धान व 2 क्विंटल चावल जब्त किया है। दूसरे दिन शुक्रवार को कलेक्टर पीएस एल्मा ने राइस मिल संचालकों की बैठक ली। उन्हें धान उठाने, समय पर चावल जमा करने निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को शाम 4 बजे बैठक शुरू हुई। खाद्य अधिकारी बीके कोर्राम ने बताया कि राइस मिलर्स को 367 डीओ जारी किए हैं। 1 लाख 5 हजार 208 क्विंटल धान का उठाव हो गया। इस काम में 11 से 27 दिन देरी हो रही। जिले के 20 उसना राइस मिलर्स द्वारा कस्टम मिलिंग के बाद अब तक चावल जमा ही नहीं कराया गया है। जिले की 60 उसना राइस मिलों के लिए 10 लाख 28 हजार 490 डीओ जारी किया गया है, जिनमें से 9 लाख 68 हजार 862 क्विंटल धान का उठाव किया गया, जबकि 74 हजार 722 क्विंटल चावल अब तक जमा कराया है।
2 राइस मिल से धान, चावल जब्त
खाद्य निरीक्षक नरेश पीपरे ने बताया कि खाद्य एवं कृषि उपज मंडी के अधिकारियों की टीम 8 दिसंबर को राइस मिलों का निरीक्षण किया।
श्री हरिओम धान कुटाई केन्द्र धमतरी, कुरूद विकासखंड के राइसमिल विजय फूड्स द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान का उठाव किया गया है, लेकिन निर्धारित अवधि में कस्टम मिलिंग का चावल उनके द्वारा जमा नहीं किया है। हरिओम धान कुटाई केन्द्र से 191 क्विंटल धान, 2 क्विंटल चावल और मेसर्स विजय फूड्स कुरूद से 660 क्विंटल धान जब्त हुई। छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 के नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई हुई है।
समय पर धान उठाने, चावल जमा करने निर्देश- कलेक्टर
कलेक्टर पीएस एल्मा ने कहा कि शुक्रवार को राइस मिलर्स की बैठक ली गई। उन्हें जारी किए गए डीओ के अनुरूप धान का उठाव करने, कस्टम मिलिंग के बाद नान तथा एफसीआई में चावल जमा करने में तेजी लाने कहा है। बैठक में राइस मिल संचालकों ने कुछ समस्या रखी, जिसे दूर करने शासन से पत्राचार करने का आश्वासन दिया।


