धमतरी

4 दिन में 48 सौ किसानों ने बेचा 27 करोड़ का धान, चुकाए 7 करोड़ का कर्ज
05-Nov-2022 3:05 PM
4 दिन में 48 सौ किसानों ने बेचा 27 करोड़ का धान, चुकाए 7 करोड़ का कर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 नवंबर।
जिले में करीब 4800 किसानों ने धान बेचकर राज्य सरकार को करीब 7 करोड़ रुपए का कर्ज चुका दिया हैं। धमतरी जिले में 1 से 4 नवंबर तक कुल 4899 किसानों ने अपना धान बेचा है। जिले के 96 सोसाइटियों में अब तक 1 लाख 31 हजार 781 क्विंटल धान बेचा गया। इसकी कीमत करीब 27 करोड़ 8 लाख 70 हजार 200 रुपए हैं।

खाद्य विभाग के मुताबिक बीते 3 दिनों में जिन किसानों ने धान बेचा हैं, उन्होंने राज्य सरकार से लिए गए अधिकांश कृषि कर्ज भी चुका दिया हैं। बैंक शाखा के मुताबिक इन किसानों ने खेती-किसानी के लिए खाद-बीज और नगद के रूप में कर्ज लिया था, जिसे चार दिनों में 7 करोड़ 81 लाख 81 हजार रुपए का कर्ज धान बेचकर चुका दिया। बीते 1 से 3 तारीख की खरीदी के एवज में अब तक किसानों के खाते में 13 करोड़ 55 लाख 33 हजार 543 हजार रुपए का भुगतान भी कर दिया गया। गौरतलब है कि 4 नवंबर को धान बेचने के लिए 1584 किसानों को टोकन जारी किया गया था। इसमें समिति की ओर से 1505 तथा ऑनलाइन एप के जरिए 79 किसानों को टोकन जारी किया गया था। इन किसानों द्वारा शुक्रवार को कुल 45 हजार 906 क्विंटल धान बेचने टोकन जारी किया गया था।  

धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी मान्य
शासन के निर्देशानुसार धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी मान्य है। इसके बाद यदि नमीं का प्रतिशत अधिक है, तो इसका केन्द्रों में उक्त धान को नहीं खरीदा जाना है। अधिकारी-कर्मचारी अपनी बात पर अड़े हुए है, जबकि किसानों का कहना है कि शीत के चलते ही धान में नमीं आई है। इसे लेकर किसान और अधिकारी-कर्मचारियों के बीच बहस हो रही है। शासन की ओर से इस साल 4 लाख 84 हजार 287 मीट्रिन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक समर्थन मूल्य मंक करीब 59 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इस साल भी सीमांत, लघु और दीर्घ अलग-अलग श्रेणी बनाकर किसानों की उपज को खरीदा जा रहा है।

5 चेक पोस्ट में अलर्ट
नगरी वनांचल में टाइगर रिजर्व के कुछ गांवों में पड़ोसी राज्य उड़ीसा से अवैध रूप से धान पहुंचने की शिकायत भी मिलने लगी है। दो दिन पहले ही बेरलबाहरा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने नगरी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इसकी शिकायत की थी।
इसके बाद वनांचल में अंतर्राज्यीय सीमा उड़ीसा, गरियाबंद और कांकेर सीमा में चेक पोस्ट बनाया गया है। यहां बोराई, सांकरा, बांसपानी, सिंगपुर और बनरौद मार्ग से होकर गुजरने वाली वाहनों की सघन जांच-पड़ताल की जा रही है।


अन्य पोस्ट