धमतरी

हर शनिवार को कलेक्टर देंगे प्रभारी सचिव को धान खरीदी की रिपोर्ट
03-Nov-2022 2:21 PM
हर शनिवार को कलेक्टर देंगे प्रभारी सचिव को धान खरीदी की रिपोर्ट

प्रभारी सचिव ने 4 घंटे ली अफसरों की बैठक, जिन पंचायतों में खेल मैदान नहीं उनकी जानकारी मांगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 3 नवंबर।
जिले की प्रभारी सचिव रेणु पिल्ले बुधवार को धमतरी दौरे पर थी। सोरम स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। करीब आधे घंटे तक केंद्र में मौजूद रहकर खरीदी की जानकारी ली। किसानों से बातचीत की। इसके बाद कलेक्टोरेट सभा कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगातार 4 घंटे अफसरों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कलेक्टर पीएस एल्मा से प्रत्येक शनिवार को धान खरीदी की प्रगति रिपोर्ट मांगी है।

खाद्य, कृषि विभाग के अफसरों को चेताया कि धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जिले के सभी जनपद सीईओ को प्रभारी सचिव ने कहा कि जिन पंचायतों में खेल मैदान नहीं है, उसकी जानकारी भेजें, ताकि मनरेगा से वहां खेल मैदान बनाए जा सकें। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, स्वास्थ्य विभाग, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन मजदूर न्याय योजना, छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक, सरकारी अंग्रेजी स्कूल, समाज कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा की।

सभी एसडीएम कोचियों, बिचौलियों पर रखेंगे नजर
कलेक्टर पीएस एल्मा ने बताया कि 1 नवंबर को पहले दिन 1287 किसानों ने 35 हजार 650 क्विंटल धान खरीदी गई। इस साल 1 लाख 23 हजार 968 पंजीकृत किसानों से 48 लाख 28 हजार क्विंटल अनुमानित धान खरीदी का लक्ष्य है। इन किसानों का कुल रकबा 1 लाख 25 हजार 38 हेक्टेयर है। अभी तक के आंकड़ों के आधार पर जि़ले में 50 हेक्टेयर में अन्य फसल ली गई है। जिले में धान खरीदने 24 हजार 214 बारदाने की जरूरत पड़ेगी। 22 हजार 219 बारदाने उपलब्ध हैं। समितियों को 3 हजार 694 बारदाने उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने धमतरी, कुरूद, नगरी के एसडीएम से कहा कि कोचियों, बिचौलियों पर नजर रखें। अवैध धान परिवहन पर भी कार्रवाई करने चेताया है। जि़ले के संग्रहण केंद्रों में कांकेर, बालोद और गरियाबंद का धान आएगा। इन चारों धान संग्रहण केंद्रों में जरूरी व्यवस्था कर ली गई है।

इन विभागों की हुई समीक्षा
मनरेगा- जिपं सीईओ प्रियंका महोबिया ने बताया कि जि़ले में 1 लाख 61 हजार 305 जॉबकार्ड धारी परिवार हैं। 16 नालों का चयन कर 358 कार्यों की स्वीकृति दी गई। स्वीकृत राशि 496.78 लाख है। अब तक इसमें से 171 कार्य पूर्ण, 64 में प्रगतिरत हैं।
मजदूर न्याय योजना- अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि वर्ष 2022-23 में पहली किश्त 18460 और दूसरी किश्त 13012 मजदूर परिवार को दी गई। जि़ले में कृष्ण कुंज योजना के तहत हर नगरीय क्षेत्र में 1-1 एकड़ भूमि में 250-250 जनोपयोगी फलदार, छायादार, इमारती पौधे लगाए हैं।

धन्वंतरी मेडिकल स्टोर- निगम आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि अब तक 65 लाख 32 हजार की बाजार मूल्य की दवा 30 लाख 75 हजार में बेची गई। इससे 26 हजार 661 ग्राहकों को आधे से भी कम कीमत में उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाई खरीदने में 34 लाख 57 हजार की बचत हुई।

बिजली विभाग- कार्यपालन अभियंता बीपी दीपक ने बताया कि बिजली बिल हाफ योजना के तहत अप्रैल 2019 से सितंबर 2022 तक 162859 घरेलू और बीपीएल उपभोक्ताओं में से 128622 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इन्हें 400 यूनिट तक की बिजली खपत में 50 प्रतिशत की छूट यानी 103.2 करोड़ की छूट मिली है।

महिला एवं बाल विकास विभाग- मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में 376 आंगनबाडिय़ों का चयन किया गया है, जहां कुपोषण का दर ज़्यादा है। 4973 बच्चे, गर्भवती महिलाएं और शिशुवती माताओं को लक्षित कर योजना चलाई जा रही है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग- घरेलू नल कनेक्शन में धमतरी जिला पूरे राज्य में पहले स्थान पर है। 1 लाख 55 हजार 130 परिवार के लक्ष्य के विरूद्ध 94 हजार 264 घरेलू नल कनेक्शन दिया है।


अन्य पोस्ट