धमतरी

जिले में 48 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमान 17 फीसदी से अधिक नमी पर नहीं ली जाएगी, केंद्रों से सीधे उठाव करेंगे मिलर्स
31-Oct-2022 2:23 PM
जिले में 48 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमान 17 फीसदी से अधिक नमी पर नहीं ली जाएगी, केंद्रों से सीधे उठाव करेंगे मिलर्स

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 31 अक्टूबर।
समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को धान बेचने के लिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंजीकृत किसान को धान विक्रय के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया को सरलीकृत कर दिया है। इसके लिए एनआईसी ने एंड्रॉयड एप टोकन तुंहर हाथ विकसित किया है।

जिले में करीब 48 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। बीते साल जिले में करीब 43 लाख क्विंटल धान खरीदा गया था। इस साल खरीफ सीजन में धान का उत्पादन अच्छा होने के कारण खरीदी का लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया। बीते 28 अक्टूबर को ऑनलाइन टोकन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन पहले दिन एप में आई तकनीकी त्रुटियों के चलते टोकन नहीं कट सका। अब खामियों को अब दूर कर लिया गया है। जिले के किसान अब टोकन तुंहर हाथ, ऐप की सहायता से संबंधित उपार्जन केंद्र में स्वयं निर्धारित तिथि में धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इस साल अनुमानित 4 लाख 84 हजार 287 मीट्रिक टन धान जिले के 74 समितियों के 96 उपार्जन केन्द्रों के जरिए आगामी 1 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। इसके लिए जिले में सभी तैयारियां चेक लिस्ट पूरी कर ली गई हैं।

5 हजार से ज्यादा जुड़े नए किसान
जिले में कुल 26 लाख 71 हजार 757 बारदाने उपलब्ध हैं। इनमें 18 लाख 57 हजार नए और आठ लाख 14 हजार 757 पुराने बारदाने शामिल हैं। जिले के 1 लाख 22 हजार 468 किसानों का पंजीयन हो चुका है। इनमें पूर्व पंजीयन एक लाख 16 हजार 543 और पांच हजार 925 नए किसानों का पंजीयन हुआ है।

इस साल भी 17त्न से कम नमी का ही धान खरीदा जाएगा। यदि इससे ज्यादा नमी धान में मिली, तो केंद्र में नहीं खरीदी जाएगी। कलेक्टर पीएस एल्मा ने धान की मिलिंग के लिए राईस मिलों के पंजीयन जल्द करने निर्देश दिए हैं। इस साल भी केन्द्रों से उपार्जित धान को मिलर्स सीधे उठाएंगे। साथ ही अन्य जिलों से मिलने वाले धान के भंडारण के लिए जिले में 4 संग्रहण केन्द्र में पिछले साल की तरह इस साल भी व्यवस्था होगी। इनमें चिटौद (बालोद) स्थित संग्रहण केन्द्र में 40 हजार मीट्रिक टन, भोयना और भाठागांव में 45-45 हजार मीट्रिक टन, जंवरगांव में 25 हजार मीट्रिक टन, कुल 1 लाख 55 हजार मीट्रिक टन धान भंडारित किया जा सकेगा। सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन को रोकने अंतरराज्यीय सीमाओं पर बनी 5 जांच चौकी पर सक्रियता और मुस्तैदी से काम करने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। जिले में 26 लाख 71 हजार 757 बारदाने उपलब्ध हैं। इनमें 18 लाख 57 हजार नए और 8 लाख 14 हजार 757 पुराने बारदाने शामिल हैं।


अन्य पोस्ट