धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 सितंबर। एकीकृत महिला बाल विकास विभाग द्वारा कुरूद ब्लॉक के सेक्टर मरौद अंतर्गत अटंग में पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 3 आंगनबाड़ी के कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का प्रारंभ युक्ति शर्मा ने सरस्वती वंदन कर किया। सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। स्वस्थ्य बालक-बालिका, व्यंजन सहित ग्रीनरी से संबंधित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। विभिन्न हरी भाजियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाया गया।
मुख्य अतिथि सरपंच महेश्वरी चंद्राकर थी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पोषण का सेवन करने वाले व्यक्ति अधिक कार्य करते हैं। अच्छा पोषण लोगों को स्वस्थ बनाता हैं तथा अंत में च्च्यह स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण भी करता है। पर्यवेक्षक जयश्री साहू ने पोषण आहार के बारे जानकारी दी। कहा कि गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए पोषण संबंधी परिणामों में सुधार के लिए सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है। पोषण अभियान के हिस्से के तौर पर हर साल सितंबर के महीने को पोषण माह के रूप में मनाया जाता है। अच्छा पोषण करने से अनेक बीमारियों को रोकने में मदद मिल सकती है, जैसे मधुमेह, हृदय रोग, स्ट्रोक, विभिन्न प्रकार के कैंसर और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी विभिन्न बीमारियों के जोखिम को कम करता है। उन्होंने आसपास के संसाधनों से मिलने वाले पोषण तत्व का उपयोग करने के लिए प्रेरित भी किया।
सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक उषा ठाकुर ने कहा कि पोषण अभियान (राष्ट्रीय पोषण मिशन) महिला और बाल विकास मंत्रालय का एक प्रमुख कार्यक्रम है।
वर्तमान में 0-6 वर्ष, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं से बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार करना ही शासन का लक्ष्य है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर के कार्यप्रणाली की जानकारियां देते हुए बताया कि सखी-वन स्टॉप सेंटर क्या है? सखी एक वन स्टॉप सेंटर है जो हिंसा या विपत्तिजनक स्थिति से प्रभावित महिलाओं को पुलिस सुविधा, चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता एवं परामर्श, मनोसामाजिक परामर्श तथा अस्थायी आश्रय सहित एक छत के नीचे अनेक एकीकृत सेवाएं प्रदान करता है। विशिष्ट अतिथि उपसरपंच रूपवती साहू,रोजगार सहायिका उर्वशी चंद्राकर,भू पु सरपंच फत्तेलाल तारक, कोमल शुक्ला, मितानिन रामेश्वरी साहू, लक्ष्मी शर्मा, दीपिका अवस्थी, प्रीति शुक्ला, यशोदा तारम, शिव कुमार चेलक, छोटू साहू सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम का आभार कोमल शर्मा ने किया। उन्होंने स्वस्थ बालक बालिकाओं की माताओं को 501 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।


