धमतरी
जांच के लिए 3 हजार तक खर्च करने पड़ रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 सितंबर। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर पिछले कुछ सालों में जिला अस्पताल पर मरीजों का दबाव बढ़ा है। करीब 250 बिस्तर वाले इस अस्पताल में करीब 25 डाक्टर पदस्थ है। महिला-पुरुष वार्ड के साथ ही यहां न्यू वार्ड, नवजात शिशु रोग विशेष, एसएनसीयू, टीबी वार्ड, बर्न वार्ड, मनोरोग विभाग के साथ ही कई अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां मेडिकल विशेषज्ञ के अलावा हड्डी रोग, हृदय रोग, नाक-कान रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पदस्थ हैं।
कई सीनियर डॉक्टर होने के कारण रोजाना 500 से ज्यादा मरीज जिला अस्पताल इलाज के लिए आते हैं। इनमें से कई मरीजों को डॉक्टर सीटी स्कैन कराने की सलाह देते हैं, लेकिन अस्पताल में इसकी सुविधा नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कोरोना संक्रमण काल के बाद जिला अस्पताल पर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी दबाव बढ़ा है। इलाज के लिए यहां धमतरी जिले के अलावा बालोद, कांकेर, नारायणपुर, गरियाबंद, कोंडागांव तथा दुर्ग जिले के सीमावर्ती गांवों के लोग आते हैं। यहां इलाज के लिए आने वाले 50 फीसदी मरीज अन्य जिले के होते हैं। ऐसे में मरीजों के दबाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को यहां सुविधाओं को और बढ़ाना चाहिए।
मरीज मोहन साहू, करण पटेल, कैलाश नेताम ने कहा कि जिला अस्पताल में आज सिटी स्कैन मशीन समय की मांग बन चुकी है, इसलिए जिला प्रशासन को सीटी स्कैन मशीन लगवाना चाहिए। सिटी स्कैन मशीन के लिए फंड स्वीकृति की समस्या हैं तो जनहित में बीएसपी से मिलने वाली सीएसआर तथा गौण खनिज मद डीएमएफ मद से सिटी स्कैन मशीन लगाना चाहिए।
महंगे दर पर सीटी स्कैन कराने की मजबूरी
करीब 8 लाख की आबादी वाले जिला होने के बाद भी धमतरी के किसी भी सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा नहीं है। जिला अस्पताल के साथ ही मरीजों को कुरूद, नगरी और मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से भी मायूस होकर लौटना पड़ता हैं। प्राइवेट सेंटरों में सीटी स्कैन जांच का रेट महंगा होने के कारण कई गरीब मरीज यह जांच नहीं करा पाते। इसके लिए 2 हजार से लेकर 3 हजार रुपए तक लिया जाता है। ऐसे में सिटी स्कैन जांच के अभाव में समय पर उनका उचित इलाज नहीं हो पाता। इसके चलते कई मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ता है।
क्या होता है सीटी स्कैन
जिला अस्पताल के विशेषज्ञों के मुताबिक कंप्यूटराइज्ड टोमोग्राफी स्कैन (सीटी या कैट स्कैन) कंप्यूटर और एक्स-रे मशीनों को शरीर के क्रॉस-सेक्शनल चित्र बनाने के लिए उपयोग करता है। ये चित्र सामान्य एक्स-रे पिक्चर्स की तुलना में अधिक अच्छे तरीके से जानकारी प्रदान करती हैं। ये शरीर के विभिन्न भागों में नरम ऊतकों, रक्त वाहिकाओं और हड्डियों को दिखा सकते हैं। सीटी स्कैन का उपयोग शरीर के कई भागों की अंदरूनी तस्वीर निकालने के लिए किया जाता है। सिर, कंधों, रीढ़ की हड्डी, दिल, पेट, घुटना, छाती, आदि सीटी स्कैन के दौरान, आपको सुरंग जैसी एक मशीन में लेटाया जाता है। इसके बाद मशीन के अंदर के भाग घुमते हैं और विभिन्न एंगल्स से चित्र ली जाती है। ये चित्र एक कंप्यूटर पर भेजे जाते हैं, जहां शरीर के एक विशेष क्षेत्र की 3-डी पिक्चर्स को बनाने के लिए उन्हें एकत्रित किया जा सकता है।


