धमतरी

कुरुद जनपद के पूर्व सरपंचों पर लाखों का सरकारी धन बकाया
25-Jul-2022 3:27 PM
कुरुद जनपद के पूर्व सरपंचों पर लाखों का सरकारी धन बकाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 25 जुलाई।
जनपद पंचायत कुरूद अंतर्गत भूतपूर्व एवं वर्तमान पंचायत पदाधिकारियों पर वर्ष 2009-10 से लेकर 20-21 तक की वसूली योग्य राशि 5781462 रुपए बाकी है। यह सभी प्रकरण कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ के पास विचाराधीन है।

ज्ञात हो कि जनपद पंचायत कुरूद के तहत आने वाली 9 पूर्व एवं वर्तमान सरपंचों से करीब 58 लाख शासकीय धन की वसूली होनी है। शासन की विभिन्न योजनाओं में अनियमितता बरतने की वजह से सरकारी धन की क्षतिपूर्ति होनी है।  जनपद से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत इर्रा के तात्कालिक सरपंच गोवर्धन सिंह ठाकुर से वर्ष 2009-10 रोजगार गांरटी योजना का 1 लाख 80 हजार 354 रुपया बाकी है, यह मामला तहसील भखारा में भू राजस्व वसूली हेतु प्रेषित है।

इसी सत्र की रामपुर सरपंच सरस्वती महार पर 1 लाख 17 हजार 300 रूपए स्वच्छ भारत मिशन का बाकी है। यह प्रकरण अपर आयुक्त रायपुर में विचारधीन है। 2014-15 में ग्राम पंचायत थुहा के भारत जोशी पर 13वें वित्त आयोग का 4 लाख 73 हजार 805 रुपय वसूली का मामल विचारधीन है।

सिलौटी पंचायत में 2014-15 का पंचायत निधि 29 हजार 866 रुपए की वसूली के लिए अनावेदक का फौत हो जाने पर होरीलाल मार्कंडेय के वारिसान को नोटिस भेजा गया है। 2015-16 में अछोटी सरपंच मोतीलाल सूर्यवंशी पर मूलभूत पेंशन आदि का 9 लाख 94 हजार 825 रुपए वसूलने का केस जिलाधीश कार्यालय में लंबित है। ग्राम पंचायत कोकडी-नारी में 2016-17 गौण खनिज मद का गोपेश्वर साहू से 14 लाख 64 हजार 732 रुपए वसूलने का मामला जवाब के अभाव में लंबित है।  इसी वर्ष का चरमुडिया सरपंच नीलम पति राजेश गोस्वामी से 20 लाख 37 हजार 779 रुपए जमा कराने आदेशित किया गया है।

सन 2018-19 में बगौद सरपंच कृष्णा राव मारकाण्डे को 14वें वित्त आयोग, गौण खनिज का 2 लाख 98 हजार जमा करने का नोटिस जारी किया गया है।  ग्राम पंचायत मुल्ले के वर्तमान सरपंच प्रवीण गोरखे पर  2020-21 स्वच्छ भारत मिशन का 1 लाख 84 हजार 840 रुपए वसूलने का प्रकरण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व में विचारधीन है। सूत्रों की मानें तो पूर्व जनपद पदाधिकारियों पर भी लाखों रुपए की रिकवरी निकली है।
 


अन्य पोस्ट