धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 जून। जिले में 19 जून को मानसून के दस्तक देने के बाद हर दिन बारिश हो रही है। इससे वातावरण में 75 से 80 फीसदी तक नमी आने से अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर नहीं चढ़ा। मंगलवार को 33 डिग्री तापमान रहा। ज्यादातर समय ठंडी हवा चलती रही। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में मानसून सक्रिय होने की घोषणा कर दी है।
जिले में इस साल गर्मी ने खूब असर दिखाया है। चालू महीने में 1 से 12 जून तक तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच रहा। लोगों को बेसब्री से मानसून का इंतजार था, लेकिन बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत सिस्टम नहीं बनने से केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद भी धीरे-धीरे मानसून आगे बढ़ा। 19 जून को दोपहर 12 बजे मानसून आया। करीब आधे घंटे अच्छी बारिश हुई। सोमवार को भी सुबह बारिश हुई है। 24 घंटे में 22.9 मिमी बारिश हुई है। लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद है।
जिले में अब तक 61.0 मिमी औसत वर्षा
जिले में 1 जून से अब तक 61.0 मिमी औसत बारिश हुई है। सबसे अधिक नगरी तहसील में 98.0 मिमी और भखारा तहसील में सबसे कम 46.5 मिमी औसत वर्षा हुई है। मगरलोड तहसील में 58.1 मिमी, कुकरेल में 54.3 मिमी, कुरूद में 58.0 मिमी और धमतरी तहसील में 51.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
अच्छी बारिश के लिए यह सिस्टम
- दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा पोरबंदर बड़ौदा शिवपुरी रीवा चरक है।
- एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पश्चिम उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक स्थित है।
- एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है।
बारिश से तालाब में पसर रही गंदगी
मानसून पूर्व तालाबों की सफाई नहीं होने से कूड़ा करकट की गंदगी तालाब के पानी में समाहित हो रहा है। शहर के निस्तारी तालाब भी प्रदूषित होने लगा है। आमापारा निवासी मनोहर पटेल, अर्जुन नाग ने बताया कि यदि तालाब के चारों दिशाओं में पड़ी कूड़ा करकट की सफाई कर दिया जाए तो तालाब को प्रदूषित होने तथा लोगों को जल जनित बीमारियों से बचाया जा सकता है। जालमपुर के दीवान तालाब, कुम्हार पारा को खोडिय़ा तालाब, बठेना तालाब, कांटा तालाब, कलार तालाब, सुबन तालाब में भी गंदगी पसरी हुई है।


