धमतरी

क्लीन सिटी बनाने लाखों खर्च, पर शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल
06-Jun-2022 9:18 PM
क्लीन सिटी बनाने लाखों खर्च, पर शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
धमतरी, 6 जून।
धमतरी शहर को क्लीन सिटी बनाने नगर निगम प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। करीब 10 लाख रूपए खर्च किया जा चुके हैं। इसके बाद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं आई है। ऐसे में निगम प्रशासन का स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 में प्रथम स्थान हासिल करने के सपने को झटका लग सकता है।  

शहरवासी कुलेश्वर मौर्य, देवेंद्र नामदेव, भोलानाथ पटेल, द्वारिका साहू ने कहा कि शहर के 40 वार्डों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित करने के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा कमर्शियल क्षेत्रों में भी सुबह 10 से 12 बजे तक कचरा कलेक्शन किया जा रहा है। यही नहीं रात के समय में भी कचरा कलेक्शन का काम जारी है। इसके बाद भी कुछ व्यवसायी कचरा फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। निगम प्रशासन ने इस वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दिया है। 

निगम के एक अधिकारी की मानें तो स्वच्छता को लेकर अब तक 10 लाख रुपए से अधिक खर्च किया जा चुका है। कचरा प्रबंधन के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में 10 मणिकंचन केन्द्र भी बनाया गया है। यहां सफाई मित्र समेत करीब 175 कर्मचारी कार्यरत है। इसके बाद भी कुछ लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है। उम्मीद किया जा रहा है कि इस साल निगम प्रशासन 3 हजार अंक प्राप्त कर सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त करेगी।

इनके लिए मिलेगा अंक
पूर्व में स्वच्छता सर्वेक्षण 2 हजार अंक का होता था, लेकिन इस साल यह सर्वेक्षण 3 हजार अंकों का होगा। इसे 3 भागों में बांटा गया है। इसके तहत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन समेत अन्य कार्यों के लिए 900-900 अंक तथा कचरा डिस्पोज करने व इनोवेटिव कार्य के लिए 1200 अंक प्रदान किया जाएगा।

प्रथम स्थान आने की तैयारी
स्वच्छता समन्वयक शशांक मिश्रा ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी हो रही है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लिया जा रहा है।
 


अन्य पोस्ट