धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 4 जून। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा माहेश्वरी भवन रायपुर में दो दिवसीय नव संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। जिसके अंतिम दिवस मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने भारत जोड़ो पदयात्रा अभियान पर अपनी बात रखी।
विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत जोड़ो अभियान के तहत कश्मीर से कन्याकुमारी तक आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर पदयात्रा आने वाले समय में किया जायेगा। वर्तमान समय में केन्द्र की भाजपा सरकार हमारे संवैधानिक मूल्यों पर आए दिन अतिक्रमण कर रही है। जनता के बीच नफरत और असमानता को बढ़ावा दे रही है। बुलडोजर चला कर लोगों में भय का वातावरण पैदा कर रही है लेकिन कांग्रेस पार्टी चाहे आजादी के पहले हो या आजादी के बाद लोगों को निरंतर जोडऩे का काम कर रही है।
हमारे इतिहास पुरुष स्वामी विवेकानंद ने पूरे विश्व को भाइयों - बहनों से संबोधित करते हुए कहा जिस तरह पूरे विश्व की नदियां समुद्र में समाहित होकर एक में मिल जाते है जहां उनका अलग से कोई रूप -रंग, आकार-प्रकार नहीं दिखाई देता। उसी तरह छत्तीसगढ़ के आदि पुरूष गुरू घासीदास बाबा ने मनखे - मनखे एक सामान का संदेश देकर समाज को जोडऩे का काम किया। हम सबको पता है कि भारत की संस्कृति की महत्वपूर्ण विशेषता है विविधिता में एकता।
आज़ादी के पहले महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में जिस तरह से भारत की आजादी की लड़ाई लड़ी गई जिसमें सभी वर्ग किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं, सभी धर्म, सभी जाति के लोगों ने भारत को जोड़ कर काम किया तब जाके भारत को आजादी मिली।जिसके कारण हम लोग खुली हवा में स्वछंद सांस ले रहे है और सब आजादी से अपना - अपना विकास कर रहे है।
कांग्रेस के जितने भी प्रधानमंत्री हुए पंडित जवाहरलाल नेहरु, लालबहादुर शास्त्री,इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह ने सभी वर्गों के हित को ध्यान में रखकर विभिन्न योजनाएं बनाई और उन योजनाएं के माध्यम से भारत के सभी वर्गों का विकास किया।
अब हम सभी लोगों को आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर कश्मीर से कन्याकुमारी तक पदयात्रा में देश की जनता को बताना होगा कि भारत के राष्ट्रीय आंदोलन में कांग्रेस पार्टी का क्या योगदान था।
आजादी के बाद भारत में सुई नहीं बनता था उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कितना विकास में योगदान दिया है उसको सभी वर्गो को बताना होगा।तब देश की जनता का नफरत की भावना से ऊबर कर विकास की ओर ध्यान जाएगा और सभी के प्रति प्रेम और विश्वास की भावना उत्पन्न होगी।
कांग्रेस का एक मात्र उद्देश्य कश्मीर से कन्याकुमारी के लोगों को आपस में जोडऩा है और भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, कैबिनेट मंत्री गण टी एस सिंहदेव, मोहम्मद अकबर,कवासी लखमा,अमरजीत भगत,प्रेमसाय सिंह टेकाम,अनिला भेडिय़ा,समस्त विधायक - सांसद,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी गण, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शामिल हुए।



