धमतरी
अधेड़ ने पेट्रोल छिडक़ लगाई आग, भर्ती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 मई। जमीन विवाद का केस राजस्व कोर्ट में खारिज होने से क्षुब्ध अधेड़ ने आत्महत्या की कोशिश की। उसने तहसील कार्यालय परिसर में खुद पर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा ली। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक भागीरथी यादव (53) मगरलोड के पठार का मूल निवासी हैं। वर्तमान में रायपुर में रहता है। ससुराल कुंडेल शादी में आया था। भागीरथी का अपनी मां के साथ जमीन से संबंधित विवाद चल रहा है। यह मगरलोड राजस्व न्यायालय के नायब तहसीलदार कोर्ट में है। बार-बार पेशी पर आ रहा था। मंगलवार को तहसील कार्यालय मगरलोड आया। पता चला कि उसका केस खारिज हो गया, तो आहत हो गया।
तहसीलदार मगरलोड तहसीलदार विवेक गोहिया ने बताया कि जमीन संबंधी केस नायब तहसीलदार के कोर्ट में चल रहा था, जो खारिज हो गया। भागीरथी ने तहसील कार्यालय परिसर में आग लगाने की कोशिश की है। आग क्यों लगाई, यह स्पष्ट नहीं है।
अस्पताल में चल रहा इलाज
भागीरथी यादव ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को बस से मगरलोड आया। तहसील कार्यालय पहुंचा। केस खारिज होने की जानकारी हुई, तो परेशान हो गया। पेट्रोल पंप से 50 रुपए का पेट्रोल खरीदा। आत्महत्या करने खुद पर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा ली। भागीरथी ने बयान में कहा कि जमीन को मां ने अपने नाम कर ली है। उसे नहीं दे रही थी। बार-बार पेशी में आने से परेशान हो गया था।


