धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी 9 अप्रैल। सिहावा फॉरेस्ट रिजर्व में एक हथिनी के हमले से एक महिला और पुरुष की मौत हो गई। दोनों की लाश पाइकभाटा के पास जंगल के भीतर मिली है।
घटना आज सुबह की बताई जा रही है। पाइकभाटा गांव से कुछ लोग जंगल में लकड़ी लेने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां विचरण कर रहे एक हथिनी ने उन्हें दौड़ाना शुरू कर दिया। जैसे-तैसे बाकी लोगों ने अपनी जान बचाई, मगर 45 वर्षीय भूमिका को अपनी चपेट में ले लिया। इसी क्षेत्र में एक बांध पावद्वार के पास एक व्यक्ति का शव मिला है। आशंका है कि उसकी भी जान हथिनी के कुचलने से गई।
सिहावा क्षेत्र में हाथियों के अलग-अलग दल विचरण कर रहे हैं। इनमें एक की पहचान चंदा हथिनी के रूप में हुई है। आशंका है कि हमला इसी ने किया। जंगल के बीच बने गांवों में रहने वालों की जान लगातार हो रही है आक्रमण की वजह से सांसत में पड़ी हुई है। वन विभाग न तो हाथियों को खदेड़ रहा है और न ही ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान करने में मदद कर रहा है। हमले के बाद हाथियों का एक दल विश्रामपुरी गांव के पास भी देखा गया है।
कुछ दिन पहले सोरम गांव में एक युवक की हाथी के कुचले जाने से मौत हो चुकी है।


