दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 25 नवंबर। दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में आयतु राम कर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार बण्डा और लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया गया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 21 नवंबर 2026 की रात आयतु राम कर्मा (42) की चेहरा, सीना और पीठ पर धारदार वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर बचेली थाना में धारा 103(1) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम दुगेली के धुरवापारा में ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा पर संदेह सामने आया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लोहे का बण्डा और लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को 23 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में लच्छू कर्मा (42 वर्ष), पिता स्व. बोड्डा कर्मा और मुद्दा कर्मा (30 वर्ष), पिता स्व. कोया कर्मा, दोनों निवासी धुरवापारा दुगेली, थाना बचेली शामिल हैं।