दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 16 नवंबर। आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के संघर्ष के प्रतीक बिरसा मुंडा की 151 जयंती के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर को लौह नगरी बचेली में सर्व आदिवासी समाज द्वारा जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महिला सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएमडीसी बचेली परियोजना के वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) शिव कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा की प्रतिमा के चरणों का जल से प्रक्षालन कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित सभी लोगों ने पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का आयोजन नगर के एनएमडीसी अपेालो अस्तपाल चौक पर किया गया, जिसे बिरसा मुंडा चौक के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिव कुमार गुप्ता एवं समाज के पदाधिकारियो ने बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बहुत कम उम्र में आदिवासी समाज को एकजुट कर उनके अधिकारों, संस्कृति और सम्मान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन आने वाली पीढिय़ों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अस्पताल चैक को बिरसा मुंडा चौक के रूप में विकसित किया जा रहा है, जल्द ही यहां पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। समाज के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि इस चैक पर प्रतिमा स्थापित होगी, जिससे आने वाली पीढिय़ां उनके गौरवशाली इतिहास और बलिदान से प्रेरणा ले सकेंगी।
कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
सभी ने एकजुट होकर बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने तथा आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और अधिकारों के संरक्षण का संकल्प लिया।