दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 14 नवंबर। चालू खरीफ सीजन के अंतर्गत धान की फसल पक चुकी है। जिन किसानों की पकी फसल को मौसम की मार झेलनी पड़ी, उनके लिए राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत् किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से लाभ दिया जएगा।
इसी कड़ी में दंतेवाड़ा के बालूद ग्राम के किसान अमेश यादव ने शासन की कृषक उन्नति योजना से मिलने वाले लाभ पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अमेश ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
किसान अमेश यादव ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें शासन की कृषक उन्नति योजना के संबंध में जानकारी दी गई। उक्त योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान के मान से लाभ दिए जाने का प्रावधान है। यदि किसी किसान का वास्तविक धान उत्पादन 5 या 10 क्विंटल ही होता है, तब भी निर्धारित पात्रता एवं योजना के प्रावधानों के अनुसार 21 क्विंटल के मान से लाभ मिलने की जानकारी दी गई है। इसके तहत 13,849 रुपये की राशि मिलने की बात बताई गई है। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक रूप से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि धान खरीदी प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा तुहर टोकन ऐप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे ही अपने धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को टोकन कटवाने के लिए बार-बार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय की बचत होगी। अमेश यादव ने कहा कि शासन की किसान हितैषी पहल से किसानों को काफी राहत मिल रही है। कम धान उत्पादन होने की स्थिति में भी निर्धारित प्रावधानों के तहत लाभ मिलने की जानकारी से किसान खुश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।