दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 13 नवंबर। दंतेवाड़ा में बरसों पूर्व नक्सली उत्पात के कारण अनेक आश्रम भवन ध्वस्त किए गए थे। इनमें से चार आश्रम छातवासों का निर्माण शुक्रवार से आरंभ हो गया। बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा गुरुकुल कोटली नहरी और चमेली आश्रम भावनाओं का शिलान्यास किया गया। प्रत्येक आश्रम-छात्रावास 50 सीटर क्षमता का होगा। इन चारों छात्रावासों के निर्माण के लिए प्रति आश्रम 162.76 लाख रुपये की लागत अनुमानित है।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि आज बुरगुम, पोटाली, नहाड़ी और समेली ग्राम पंचायतों में आश्रम-छात्रावासों के पुनर्निर्माण हेतु भूमिपूजन होना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वर्ष 2007-08 में माओवादी हिंसा के कारण इन छात्रावासों को ध्वस्त कर दिया गया था। लंबे समय से इन क्षेत्रों के बच्चे बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाओं की अपेक्षा कर रहे थे। अब छात्रावासों के पुनर्निर्माण से उन्हें सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। हमारा संकल्प है कि इन दूरस्थ अंचलों के बच्चे भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और आने वाले समय में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर अपने क्षेत्र, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करें। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक आवास, सडक़, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
श्री कश्यप ने कहा कि बस्तर खनिज संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण है। यहां लौह अयस्क के साथ चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ और कोटमसर जैसी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहरें मौजूद हैं। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पुल-पुलिया, सीसी रोड, आंगनबाड़ी भवन एवं माध्यमिक शाला भवनों का निर्माण भी प्राथमिकता से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास की मुख्यधारा से दूर रहे इन क्षेत्रों में शिक्षा, सडक़, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर गांवों की तस्वीर बदलना हमारा लक्ष्य है। आने वाले समय में इन विकास कार्यों को गति देकर ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि बुरगुम, पोटाली, नहाड़ी और समेली में आश्रम-छात्रावासों के पुनर्निर्माण से दूरस्थ अंचलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।
बच्चों के लिए नई उम्मीद -अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि आश्रम छात्रावासों का पुनर्निर्माण क्षेत्र के बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। इससे दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, सहायक आयुक्त राजीव नाग, प्रमोद ठाकुर और सीईओ पटेल प्रमुख रूप से मौजूद थे।