दन्तेवाड़ा

नवीन शैक्षणिक सत्र: गुणवत्ता के साथ शिक्षा पर फोकस
14-Jun-2026 5:03 PM
नवीन शैक्षणिक सत्र: गुणवत्ता के साथ शिक्षा पर फोकस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 14 जून। नवीन शैक्षणिक सत्र के दृष्टिगत शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक संस्था प्रमुखों की बैठक ली गई। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने कहा कि नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
  इसी उद्देश्य से विकासखंड दंतेवाड़ा के समस्त प्राथमिक, माध्यमिक एवं आवासीय शालाओं के संस्था प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय, दंतेवाड़ा में आयोजित की गई। बैठक में खंड स्रोत समन्वयक, संकुल समन्वयक तथा विभिन्न विद्यालयों के संस्था प्रमुखों ने सहभागिता की।
बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही विभागीय योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, शाला प्रवेश उत्सव, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान एवं उन्हें पुन: विद्यालय से जोडऩे, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, खेल सामग्री की उपलब्धता, एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) कार्यक्रम, एसएमसी एवं पीटीएम बैठकों के नियमित आयोजन, नशा मुक्ति अभियान तथा विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
 श्री ठाकुर ने सभी संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में बच्चों के लिए सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण निर्मित किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों के आधार अपडेट, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पाठ्यपुस्तकों का समय पर वितरण करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कमजोर एवं अध्ययन में पिछड़ रहे विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संस्था प्रमुखों, शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र छात्र तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर संस्था प्रमुखों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए तथा नवीन सत्र को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।


अन्य पोस्ट