दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा 15 फरवरी। दंतेवाड़ा के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में भक्तों की कतार लगी रही। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं द्वारा अपने आराध्य देव के दर्शन, पूजा-अर्चना की गई।
गुमरगुंडा में लगा मेला
जिले के शिवानंद आश्रम गुमरगुंडा में महाशिवरात्रि के दौरान मेला आयोजित होता है। इस दौरान समूचे बस्तर संभाग से हजारों भक्तों द्वारा विश्वनाथ मन्दिर में दर्शन और आराधना की जाती है। इस दौरान हर वर्ग के भक्त आश्रम स्थित मंदिर में पहुंचते हैं। आश्रम परिसर स्थित स्वामी प्रेमानंद सरस्वती जी की समाधि पर भक्तों द्वारा श्रद्धा - सुमन अर्पित किए गए।
आश्रम प्रबंधन द्वारा भक्तों हेतु महा भंडारा आयोजित किया गया। जिसका लाभ हजारों श्रद्धालुओं द्वारा उठाया गया।
टेकनार में भीड़
जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम टेकनार स्थित त्रयंबकेश्वर महादेव मंदिर में भी रविवार को भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान भक्तों द्वारा महादेव के दर्शन और विभिन्न सामग्रियों से पूजा की गई। प्रात: काल से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर में दिन भर हर हर महादेव गूंजायमान रहा।
गढ़पदर में भक्तों का सैलाब
जिले के कुआकोण्डा विकासखंड स्थित ग्राम गढ़पदर में रविवार को भक्तों। का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दिन सुबह से ही भक्तों के दर्शन का क्रम आरंभ हो गया था। इस दौरान सैकड़ो भक्त पैदल ही मंदिर में दर्शन हेतु पहुंचे थे। भक्तों द्वारा विभिन्न पूजन सामग्रियों द्वारा आशुतोष का पूजन किया गया। इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शिव भक्ति में रमे हुए थे। सर्वत्र ऊं नम: शिवाय गूंज सुनाई दे रही थी।
नकुलनार स्थित मनसुखेश्वर शिव मंदिर में भी रविवार को भक्तों की कतार लगी रही। भक्तों के दर्शन का सिलसिला सुबह से आरंभ हो गया था। दर्शन का क्रम शाम तक जारी रहा।


