दन्तेवाड़ा

मालगाड़ी की चपेट में मजदूर गंभीर
23-Apr-2026 5:24 PM
मालगाड़ी की चपेट में मजदूर गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 23 अप्रैल।
एनएमडीसी बचेली के लोडिंग प्लांट क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, इस हादसे में 25 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 21-22 अप्रैल की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। अजय भोगामी मंगनार पटेल पारा का निवासी, और एक ठेकेदार के अधीन मालगाड़ी के रैक की सफाई व देखरेख का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि संभावना जताई जा रही है कि रात में हुई बारिश के दौरान वह बचने के लिए ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे चला गया। इसी दौरान अचानक रैक चल पड़ी और पहियों की चपेट में आ गया।
बताया जाता है कि मालगाड़ी के गार्ड, जो आमतौर पर ट्रेन के अंतिम हिस्से में तैनात रहते हैं, ने इस घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद साथियों ने तत्काल घायल मजदूर को पटरियों से बाहर निकाला और इलाज के लिए बचेली स्थित एनएमडीसी अपोलो अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार हादसा बेहद गंभीर था, जिसमें मजदूर के दोनों पैर और एक हाथ कट गए। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर एमएमआई अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

फिलहाल, इस घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।
रैक की सफाई या मरम्मत या किसी प्रकार की कार्य के समय केवल ठेकेदार के ही मजदूर व सुपरवाइजर रहते हंै, एनएमडीसी का कोई सुपरवाइजर नही रहता है।
मालगाड़ी के रैक की लंबाई अधिक रहती है, करीब 60 डब्बे होते हैं, उनमें लौह अयस्क की ढुलाई होती है। इन्हीं रैक की साफ-सफाई एवं तिरपाल ढकने का कार्य एनएमडीसी द्वारा किसी ठेकेदार के माध्यम से कराया जाता है, जिसमें अजय भोगामी कार्यरत था।


अन्य पोस्ट