दन्तेवाड़ा

किरंदुल में कलश यात्रा के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव शुरू
13-Feb-2026 11:06 PM
किरंदुल में कलश यात्रा के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली /किरंदुल, 13 फरवरी। नगर के श्री राम जनकल्याण सेवा समिति (बैलाडीला देव स्थान समिति) द्वारा किरंदुल नगर में श्री राघव मंदिर परिसर स्थित श्री शिव मंदिर में भगवान श्री श्री लिंगेश्वर महादेव जी का परिवार सहित (देव विग्रह) की प्राण-प्रतिष्ठा एवं महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक आयोजन प्रारंभ हो गया है। कार्यक्रम की शुरुआत 12 फरवरी को भक्ति-भाव से ओतप्रोत विशाल कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं, युवतियां और नगरवासी शामिल हुए। पूरा नगर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कर धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया। आयोजन समिति के अनुसार यह महोत्सव 12 से 16 फरवरी तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ निरंतर जारी रहेगा।

समिति के सचिव एके सिंह ने बताया कि पहले दिन (12 फरवरी) मंडप प्रवेश, हवन, देव विग्रह का रात्रि जागरण एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित हुआ।  13 फरवरी को वेदी रचना समस्त शक्तियों का आव्हान, सप्त तीर्थ, जल शयन अधिवस होगा। अगले दिन 14 को सभी देव शक्तियों का पंचामृत स्नान, अन्नाधीवास, आदिशक्ति मां काली का विशेष पूजन व आरती होगा।

15 फरवरी (महाशिवरात्रि) को प्रात: पंचामृत स्नान, महाअभिषेक, प्राण प्रतिष्ठा, पुष्पांजलि, रुद्र पाठ एवं सामूहिक महाआरती का आयोजन होगा। रात 11 बजे से 12 बजे के मध्य विशेष महाअभिषेक एवं सामूहिक महाआरती होगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

महोत्सव के समापन अवसर पर 16 फरवरी, सोमवार को दोपहर 11.30 बजे से विशाल भोग-भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

समिति ने की सहभागिता की अपील

आयोजन समिति ने बताया कि यह आयोजन पूर्णत: धार्मिक एवं आध्यात्मिक भावना से किया जा रहा है तथा नगरवासियों से तन-मन-धन से सहयोग एवं सहभागिता का आग्रह किया गया है। समिति पदाधिकारियों एवं पुजारियों के मार्गदर्शन में समूचा कार्यक्रम वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया जा रहा है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि वर्षों बाद इतने बड़े स्तर पर शिव महोत्सव आयोजित हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है।


अन्य पोस्ट