दन्तेवाड़ा

वेतन संशोधन की राह तेज करने दिल्ली पहुंचे बस्तर सांसद
13-Feb-2026 11:08 PM
वेतन संशोधन की राह तेज करने दिल्ली पहुंचे बस्तर सांसद

खदान मजदूर संघ की मांग पर केंद्रीय इस्पात मंत्री को सौंपा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/किरंदुल, 13 फरवरी। खदान मजदूर संघ (भारतीय मजदूर संघ संबद्ध) की मांग पर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने एनएमडीसी कर्मचारियों के 1 जनवरी 2022 से लंबित वेतन पुनरीक्षण को लागू करने तथा औद्योगिक संबंध संहिता के प्रावधानों के अनुरूप खदान मजदूर संघ को मान्यता देने के संबंध में पत्र सौंपा।

सांसद ने बताया कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र में एनएमडीसी लिमिटेड का संचालन है और बड़ी संख्या में श्रमिक इससे जुड़े हैं। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि लंबित वेतनमान के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि कर्मचारियों को लाभ मिल सके।

सांसद के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने विषय पर चर्चा करते हुए संबंधित विभाग से मामले की जानकारी लेने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, दानेश्वर जोशी, शाखा बचेली के सुरेश तामो, मनीलाल देवांगन तथा नगरनार इस्पात मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष दुर्गा चरण सहित अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट