दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली,12 फरवरी। नगर के मटन-मछली मार्केट में बढ़ती गंदगी और अव्यवस्था की शिकायतों के बाद गुरुवार को नगर पालिका की टीम ने औचक निरीक्षण किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्ण राव, पालिका इंजीनियर एवं अन्य कर्मचारियों के साथ मीट बाजार पहुंचकर दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अब कचरा इधर-उधर फेंकने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि यह मटन मार्केट एनएमडीसी द्वारा निर्मित कर नगर को सौंपा गया था, किंतु पिछले कुछ समय से यहां साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। क्षेत्र में लगातार गंदगी और दुर्गंध की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजऱ नगर पालिका प्रशासन पहुंची थी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से कहा कि मटन और मछली से निकलने वाला अपशिष्ट पालिका द्वारा भेजे जाने वाले विशेष कचरा वाहन में ही डाला जाए। प्रशासन ने जानकारी दी कि अब बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन पहुंचेगा, जिसमें सभी विक्रेताओं को अपना कचरा अनिवार्य रूप से डालना होगा।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी दुकानदार सडक़ या खुले स्थान पर कचरा फेंकता पाया गया तो उस पर कार्रवाई करते जुर्माना लगाया जाएगा। पालिका प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बाजार के बाहर सडक़ों पर लगने वाली अस्थायी मटन दुकानों को तत्काल बंद किया जाएगा। सडक़ किनारे दुकान लगाने से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि गंदगी और बदबू की समस्या भी बढ़ती है।
टीम ने दुकानदारों से स्वच्छता बनाए रखने और सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह व्यवस्था बाजार, व्यापारियों और आम नागरिकों के हित में है। स्वच्छ वातावरण से ग्राहकों का विश्वास बढ़ेगा और बाजार की छवि भी बेहतर बनेगी। इस दौरान मुख्य नगर पालिका पेटीएम कृष्ण राव के समेत पालिका इंजीनियर संतोष नेगी, विष्णु मंडावी, हेमंत मंडावी व अन्य की मौजूदगी रही।
नगर पालिका प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


