दन्तेवाड़ा

कलेक्टर ने जिला अस्पताल का लिया जायजा
13-Feb-2026 11:04 PM
कलेक्टर ने जिला अस्पताल का लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 13 फरवरी। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का शुक्रवार को जायजा लिया।

इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, विभिन्न वार्डों एवं उपचार कक्षों की व्यवस्थाएं, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, एसएनसीयू, लैब कक्ष, औषधि कक्ष का निरीक्षण किया। मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने कहा कि रोगी के दृष्टिकोण से स्व-मूल्यांकन कर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी की पहचान की जाए तथा कमियों के निराकरण हेतु समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने वार्डवार एवं कक्षवार निरीक्षण कर सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं को संज्ञान में लेकर सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षों एवं सुविधाओं में मरम्मत की आवश्यकता पाई गई। जिस पर शीघ्र मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के लिए उन्होंने कहा। एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) एवं एलएंडआर (प्रसव कक्ष) में समय से पूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के मामलों का उनके उत्पत्ति स्थान के आधार पर पृथक-पृथक संधारण सुनिश्चित करने को एक महत्वपूर्ण प्रबंधन प्रक्रिया के रूप में लागू करने के निर्देश भी उनके द्वारा दिए गए।

इस दौरान उन्होंने फिजियोथेरेपी आउटरीच कैंप की योजना बनाकर शीघ्र प्रारंभ करने तथा इसे पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने, साथ ही ब्लॉकवार फिजियोथेरेपी चिकित्सकों द्वारा क्षेत्रीय कार्य का नियमित मूल्यांकन कर कमियों की सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लेते हुए बारसूर की अजन्ती नाग की पुत्री चैतन्या नाग के उपचार की स्थिति की जानकारी भी ली।

श्री ध्रुव ने अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, आवश्यक मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान डीपीएम प्रतीक सोनी, डॉ. प्रियंका सक्सेना और अस्पताल सलाहकार, चंद्रशिलापुरम प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट