दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी। भारत के गणतंत्र की 77वीं वर्षगांठ का मुख्य समारोह दंतेवाड़ा के हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने हायर सेकण्डरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में प्रात: 9 बजे तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान का गायन किया गया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के साथ ली।
मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया। गुब्बारे एवं शान्ति के प्रतीक कबूतर आकाश में छोड़े गये।
मार्च पास्ट में शामिल टुकड़ों में शामिल 111 वीं वाहिनी सीआरपीएफ, 9 वी वाहिनी छ.ग.सशस्त्र बल, पुरूष बल जिला दंतेवाड़ा, महिला पुलिस बल दंतेवाड़ा, नगर सैनिक दन्तेवाड़ा, एनसीसी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा, स्काउट हायर सेकेंडरी स्कूल दंतेवाड़ा के साथ ही आस्था विद्या मंदिर जावंगा की बैंड पार्टी के राष्ट्र धुन पर कदम से कदम मिलाकर आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्री गजेन्द्र यादव ने मार्च पास्ट के पश्चात परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
इस दौरान जिला कलेक्टर श्री ध्रुव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस दौरान विधायक चैतराम अटामी, अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, सीईओ जयंत नाहटा, डीएफओ रंगानाधा रामाकृष्णा वाय प्रमुख रूप से मौजूद थे।


