दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 14 जनवरी। डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताका आयोजन 6 से 8 जनवरी तक झारखंड की राजधानी रांची में किया गया। यह एक राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता थी, जिसमें देश के कुल 14 राज्यों की टीमों ने अंडर-19 फुटबॉल में भाग लिया।
क्लस्टर एवं जोनल स्तर की कठिन प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक पार कर चयनित खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया। छत्तीसगढ़ टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में उत्तर प्रदेश को 7-0 के बड़े अंतर से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल बचेली के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के आठ प्रतिभाशाली छात्रों का चयन राज्य टीम में हुआ। इनमें आशीष, समीर कुमार मंडावी, चिराग मांडवी, तन्मय दास, शिव कुंजाम, ऋषभ राज राय, निहाल बघेल एवं वीरू शामिल हैं। टीम को एनएमडीसी के कोच श्री निरंजन पात्रा द्वारा अत्यंत कुशलता एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षित एवं मार्गदर्शित किया गया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर इस शानदार सफलता के रूप में सामने आया। यह उपलब्धि छात्रों की दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर अभ्यास तथा खेलों के साथ-साथ शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति विद्यालय की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विद्यालय प्रबंधन डी. ए. वी. तथा एनएमडीसी द्वारा निरंतर मिल रहे सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त करता है, जो युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर डीएवी. पब्लिक स्कूल बचेली के प्राचार्य श्री हरीश कांत पाठक जी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों एवं उनके कोच श्री निरंजन पात्रा को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी सर्वांगीण विकास करते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति हेतु एनएमडीसी प्रबंधन के सहयोग के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।


