दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 2 जनवरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने एक दिवसीय दंतेवाड़ा प्रवास पर शुक्रवार को बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद बस्तर महेश कश्यप, विधायक चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों सहित आईजी बस्तर सुंदरराज पी, सचिव संस्कृति रोहित यादव, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक गौरव राय प्रमुख रूप से मौजूद थे।
मुख्यमंत्री मीडिया से हुए मुखातिब
दंतेवाड़ा, 2 जनवरी। छत्तीसगढ़ के मुखिया विष्णुदेव साय अपने प्रवास के अंतिम चरण में दंतेश्वरी मंदिर परिसर में पत्रकारों से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने मीडिया कर्मियों को नव वर्ष की बधाई दी।
उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प दोहराया। एक प्रश्न के जवाब में श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के उन्मूलन के उपरांत विकास की गंगा गांव-गांव में बहेगी। जिससे अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचेगा। मुख्यमंत्री नें बस्तर पंडुम को भव्य स्वरूप दिए जाने की घोषणा की।क्षउन्होंनें बस्तर पंडुम में बस्तर की जनता से अधिकतम संख्या में शामिल होनें की अपील की। इस अवसर पर गृहमंत्री विजय शर्मा, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक चैतराम अटामी प्रमुख रूप से मौजूद थे।
नव वर्ष पर दंतेश्वरी मंदिर में कतार
दंतेवाड़ा, 2 जनवरी। दंतेवाड़ा में नव वर्ष के प्रथम दिन गुरुवार को दर्शनार्थियों की कतार लगी रही। मंदिर के सिंह द्वार के बाहर तक भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान प्रदेश के दूरस्थ स्थानों से भी श्रद्धालु पहुंचे थे। दर्शनार्थियों द्वारा देर शाम तक मां दंतेश्वरी के दर्शन किए गए।


