दन्तेवाड़ा

टूल किट से बनेंगे आत्मनिर्भर- विधायक
01-Jan-2026 9:09 PM
टूल किट से बनेंगे आत्मनिर्भर- विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 1 जनवरी। जिला प्रशासन द्वारा आत्म समर्पित नक्सलियों के बेहतर पुनर्वास के इंतजाम किए जा रहे है। लाइवलीहुड कॉलेज, दंतेवाड़ा में हिंसा का रास्ता छोड़ समाज की मुख्यधारा में शामिल होने वाले पुनर्वासितों के लिए रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।  इसी क्रम में लाइवलीहुड कॉलेज में वेलकम किट एवं टूल किट वितरण कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 147 पुनर्वासितों को आवश्यक टूल किट प्रदान की गई। जिससे वे स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बन सकें।

व्यवसायिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिशियन, सिलाई, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सोलर पैनल ऑपरेटर सहित अन्य तकनीकी एवं आजीविका आधारित ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण उपरांत संबंधित ट्रेड्स की टूल किट प्रदान की गई। जिससे वे अपने कौशल का व्यावहारिक उपयोग कर सकें।  उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को वेलकम किट एवं टूल किट का वितरण किया गया।

किया आत्मीय संवाद

विधायक चैतराम अटामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुनर्वासितों को बधाई दी और उनके सामान्य जीवन में लौटने को सराहनीय कदम बताया। विधायक नें गोंडी भाषा में संवाद कर प्रशिक्षणार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया। जिससे विश्वास और सहभागिता को मजबूती मिली।

हर कदम प्रशासन का सहयोग

पुलिस अधीक्षक गौरव रॉय ने प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रदान की जाने वाली 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि की जानकारी देते हुए कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन पुनर्वासितों को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से इस राशि का सदुपयोग कर स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।

वहीं सीईओ जयंत नाहटा ने प्रशिक्षणार्थियों को पर्यटन क्षेत्र एवं स्वरोजगार से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दंतेवाड़ा एवं रायपुर भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी दी। आगामी वर्ष आयोजित होने वाले दंतेवाड़ा स्टार्टअप हंट में भाग लेकर व्यवसाय प्रारंभ करने की सलाह दी। जिला प्रशासन द्वारा दुकान संचालन हेतु सहयोग प्रदान किए जाने की भी जानकारी दी गई।

इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, प्रभारी अधिकारी लाइवलीहुड राजीव कुजूर, सहायक संचालक कौशल विकास, अमित वर्मा, प्राचार्य लाइवलीहुड हरीश सिन्हा, डीएसपी नसर उल्ला सिद्दीकी, डीएसपी विशाल कुमार प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट