दन्तेवाड़ा

अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल, काम प्रभावित
29-Dec-2025 10:21 PM
अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल, काम प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 29 दिसंबर। छत्तीसगढ़ अधिकारी - कर्मचारी फैडरेशन के बैनर तले तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन सोमवार से आरंभ हुआ। इसके फलस्वरूप शासकीय कार्यालयों में शासकीय कार्य  पूर्णतया प्रभावित हुए। जिला मुख्यालय के आवारा भाटा स्थित दुर्गा मंडप परिसर में सोमवार सुबह से अधिकारी और कर्मचारी एकत्र होने लगे। इसके फलस्वरूप हड़ताल परिसर में चारों तरफ कर्मचारी नजर आ रहे थे। इसके उपरांत सम्बोधन का दौर आरंभ हुआ।

फेडरेशन के पदाधिकारी द्वारा राज्य शासन की असंवेदनशीलता की कड़े शब्दों में आलोचना की गई। राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के हितों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को पुनरीक्षित नहीं किया जा रहा है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।  राज्य शासन के इस रवैया से कर्मचारी को तीन दिवसीय हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा। इस दौरान फेडरेशन के नेताओं नें राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने राज्य सरकार को वादा खिलाफी पर जमकर घेरा।

कार्यालय में सन्नाटा

इस दौरान संयुक्त जिला कार्यालय स्थित अधिकांश विभागों में सन्नाटा छाया रहा।  अधिकांश कर्मचारी नदारद थे। इसके फलस्वरूप अधिकारी भी कार्यालय में नजर नहीं आए। जिससे शासकीय कार्य पूर्णतया प्रभावित हुआ। समूचे जिले के शासकीय कार्यालय में कार्य पर पूर्णरूप से प्रभाव पड़ा। जिला कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।


अन्य पोस्ट