दन्तेवाड़ा
सीएम ने किया वर्चुअल लोकार्पण, प्रतिमा का अनावरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 25 दिसंबर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर बचेली नगर को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण सौगात मिली। नगर पालिका वार्ड क्रमांक 4 अंतर्गत शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर जाने वाला अस्पताल चौक अब अटल परिसर चौक के नाम से जाना जाएगा। यह निर्णय न केवल अटल जी के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि नगर की पहचान को भी एक नई दिशा देता है।
दरअसल, अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के उपलक्ष्य में राज्य शासन द्वारा प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल जी की प्रतिमा स्थापना एवं अटल परिसर लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरूण साव द्वारा वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका बड़े बचेली में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण संपन्न हुआ। लोकार्पण के पश्चात अटल परिसर में भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता निलेश पाटले ने अटल जी के विचारों, उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान और सुशासन के बारे में बताया, साथ ही उपस्थित जनसमूह ने उनकी इस भावना को नमन किया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री द्वारा रायपुर से लोकार्पण का लाइव प्रसारण किया गया, जिसके उपरांत प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुशासन तिहार के अंतर्गत नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लिए विशेष पंडाल लगाकर नागरिकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर, भाजपा जिला महामंत्री लता मरकाम, पालिका उपाध्यक्ष श्री सतीश प्रेमचंदानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमला बैरागी, महेंद्र अधिकारी, ओमप्रकाश जैन, पार्षद धन सिंह नाग, शामिल रहे।
अटल परिसर चैक का लोकार्पण बचेली नगर के विकास, सुशासन और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो आने वाली पीढिय़ों को अटल जी के आदर्शों और विचारों से प्रेरित करता रहेगा।


