दन्तेवाड़ा

जनता कांग्रेस का प्रदर्शन, घेराव के दौरान चलीं लाठियां
17-Dec-2025 4:37 PM
जनता कांग्रेस का प्रदर्शन, घेराव के दौरान चलीं लाठियां

मानवाधिकार का खुला उल्लंघन, बस्तर न झुकेगा न डरेगा-अमित जोगी 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बचेली, 17 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) द्वारा अपनी मांगों को लेकर एनएमडीसी बचेली में आयोजित प्रदर्शन के दौरान सीआईएसएफ जवानों द्वारा लाठीचार्ज की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने बयान जारी कर घटना की निंदा की और जांच व कार्रवाई की मांग की।

जनता कांग्रेस (जे) की ओर से टेलिंग डैम से विस्थापन, पुनर्वास, पर्यावरणीय सुरक्षा और नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर 16 दिसंबर को बचेली के मार्केट क्षेत्र में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरने के बाद प्रदर्शनकारी ज्ञापन सौंपने के लिए एनएमडीसी बचेली स्थित सीआईएसएफ चेकपोस्ट पहुंचे।

इस दौरान ज्ञापन सौंपने को लेकर कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। जानकारी के अनुसार भीड़ को आगे बढऩे से रोकने के लिए सीआईएसएफ द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं भी शामिल बताई गई हैं।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जनता कांग्रेस (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि यह मामला मानवाधिकारों से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की न्यायिक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में जांच कराई जाए, लाठीचार्ज में शामिल सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करे और मुआवजा दिया जाए। साथ ही टेलिंग डैम से प्रभावित लोगों की मांगों पर विचार करने की बात कही।

जोगी ने दृढ़ता से कहा-बस्तर डरने वाला नहीं है और न ही झुकने वाला है। मैं और हमारी पार्टी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), बस्तर की जनता—विशेषकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा—के लिए यह लड़ाई सडक़ से सदन तक लड़ेंगे। यह संघर्ष रुकेगा नहीं, न्याय होकर रहेगा।

 

इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने एनएमडीसी से जुड़े विभिन्न मुद्दों का उल्लेख किया और नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी की खदानों से जुड़े मामलों में स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और भर्तियों में स्थानीय निवासियों को अवसर मिलना चाहिए।

लाठीचार्ज की घटना पर जनता कांग्रेस (जे) के बस्तर संभाग अध्यक्ष नवनीत चाँद ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के घायल होने का मामला गंभीर है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताया और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान बस्तर संभाग, जिला और विधानसभा स्तर के पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट