दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 दिसंबर। जिला प्रशासन की समय सीमा बैठक जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत नें कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को व्यापक और अधिक लाभकारी एवं सुविधाजनक बनाने हेतु नवीन पीडीएस दुकान खोले जाएंगे। इसके अंतर्गत खाद्य विभाग पीडीएस दुकान आवश्यकता वाले ग्राम पंचायतों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराये। इस संबंध में शासन के निर्देश अनुसार पीडीएस दुकान प्रारंभ करने के ग्राम पंचायतों की सूची का निर्धारण करें।
शिक्षा विभाग से संबंधित मूल स्थान से अन्यत्र शिफ्टिंग हुए शालाओं को पुन: मूल स्थान से ही संचालन बाबत् विषय पर कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा एवं आदिवासी विकास शाखा द्वारा इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करें।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली के संबंध में शासन के डिजिटलीकरण किए जाने के दिशा में अब जिले के सभी कार्यालयों में फ़ाइलों दस्तावेजों और पत्राचार नोटशीट का प्रबंधन डिजिटल के माध्यम से किया जाएगा। और इस प्रकार आगामी माह जनवरी से कार्यालयों में पत्राचार, नोटशीट फाइलों के आदान प्रदान की प्रक्रिया पर प्रतिबंध लागू हो जाएगा। ई ऑफिस प्रणाली तहत कार्यालयीन कार्यों में फाइलों की ट्रैक रिपोर्टिंग जैसी सभी गतिविधियां ऑनलाइन ही होगीं। इसके लिए संबंधित विभाग सभी आवश्यक तैयारियां, स्कैनर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। आगामी 25 दिसंबर को देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्म दिवस के अंतर्गत सुशासन दिवस के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद पंचायतों में सुशासन शिविर का आयोजन कर आमजनों के आवेदनों एवं समस्याओं का निदान किया जाएगा। सभी विभाग सुशासन शिविर में अपने स्टॉल लगाकर लोगों के आवेदनों प्रकरणों को संकलित कर प्रभावी निराकरण करेगें। जिसकी जिला स्तर पर निगरानी की जाएगी।
मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत जिन-जिन अनुविभाग में शेष मतदाता पुनरीक्षण कार्य अभी भी लंबित चल रहे है। वे अंतिम तिथि के पूर्व पूर्ण करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित बीएलओ एवं ईआरओ की जवाबदेही तय होगी।
इसके अलावा मतदाताओं के स्थायी स्थानांतरण संबंधी मामलों में पुन: सत्यापन एवं पंचनामा जैसी कार्यवाही अनिवार्य है।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 21 - 23 दिसंबर तक चलाये जाने वाले पल्स पोलियो अभियान के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि 21 दिसंबर को सभी आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहेंगे ताकि पोलियो ड्राप के सेवन से कोई भी बच्चा वंचित न हो। पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों में सभी जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों को इस अभियान में सहभागिता हेतु आमंत्रित करें। इस दौरान सीईओ, जयंत नाहटा और अपर कलेक्टर राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।


