दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 नवंबर। इन्दिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कृषि विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती अंतर्गत कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा के आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने केंद्र की गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण दिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ चंदेल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र को आगे आकर कार्य करने के मार्गदर्शन देते हुए 70 हितग्राहियों को प्रक्षेत्र परीक्षण एवं प्राकृतिक खेती अंतर्गत चना बीज वितरण, स्व सहायता समूह के महिलाओं को प्लास्टिक ड्रम का वितरण, उपस्थित कृषकों को आदान सामग्री एवं सब्जी बीज का वितरण भी किया गया। इसके अलावा निदेशक विस्तार सेवाएं, इन्दिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर डॉ एस. एस. टूटेजा ने लघु धान्य फसलों के क्षेत्र विस्तार एवं प्रसंस्करण पर विशेष जोर देने की बात कही।
इस भ्रमण अंतर्गत कुलपति द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र में माँ दंतेश्वरी स्व सहायता समूह द्वारा संचालित दंतेश्वरी न्यूट्री फूड्स का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम में शहीद गुंडाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र जगदलपुर से डॉ. आर.एस. नेताम, डॉ अश्विनी ठाकुर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डिप्रोशन बंजारा, डॉ. प्रवीण कुमार निषाद, एस के पोडय़ाम और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।


