दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 26 नवंबर। एनएमडीसी बचेली परियोजना में मंगलवार को एक हादसा हो गया, जिसमें नियमित कर्मचारी की कन्वेयर बेल्ट के रिटर्न रोलर में फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह ड्यूटी में थे, लेकिन देर
शाम मिली हादसे की खबर
जानकारी के अनुसार, एमसीओ ग्रेड-1 शिवकुमार उईके प्रथम पाली में ड्यूटी कर रहे थे। सुबह 9 बजे कैंटीन समय में उनकी शिफ्ट इंचार्ज सहायक महाप्रबंधक शेखर सुमन से बातचीत भी हुई थी। उसके बाद से शिव के बारे में किसी को जानकारी नहीं है। आशंका है कि घटना कैंटीन समय के बाद ही हुई है।
घर न पहुंचने पर परिजनों ने फोन किया, पर रिसीव न होने पर सहकर्मियों से पूछताछ शुरू हुई। खोजबीन के दौरान पता चला कि शिवकुमार कन्वेयर बेल्ट के नीचे मृत अवस्था में पड़े मिले। यह पता चलते देर शाम हो चुकी थी।
पुलिस व प्लांट सूत्रों के अनुसार, आशंका है कि शिवकुमार किसी कारणवश कन्वेयर बेल्ट के नीचे से पार हो रहे थे। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो शव रोलर में फंसा हुआ था।
स्थिति को देखने में यह कयास लगाये जा रहे है कि शिव उस कन्वेयर को नीच से पार कर रहे थे, उनका कपड़ा का हिस्सा कन्वेयर या रोलर में आने के कारण अपने आप को बचाने के चक्कर में हड़बड़ी में रिटर्न रोलर को पकडऩे की कोशिश की होगी या उनका हाथ रोलर में चला गया होगा, जिसमें उनके दोनों हाथ फंस गए और वे बेल्ट में खिंचते चले गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को रात करीब 10 बजे अपोलो हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। उपनिरीक्षक सोहन ठाकुर मामले की जांच कर रहे हैं।
बुधवार को डीडीएमएस की टीम भी बचेली पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। समाचार लिखे जाने तक शाम 7 बजे तक प्रबंधन के साथ बैठक चल रही थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हादसा कन्वेयर नंबर 102 में हुआ, जो मोटर हाउस से लोडिंग प्लांट को जोड़ता है। यह लंबी दूरी का कन्वेयर है, जिसका आधा हिस्सा स्क्रीनिंग प्लांट और आधा लोडिंग प्लांट की जिम्मेदारी में आता है।
सूत्र बताते हैं कि इतने बड़े क्षेत्र में एक-एक कर्मचारी दोनों ओर से निरीक्षण करते हैं, जबकि दो कर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग करते रहे हैं। अगर वहां दो कर्मचारी होते, तो शायद समय रहते शिवकुमार को बचाया जा सकता था।
शिवकुमार उईके अपने सौम्य और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जो बाहर पढ़ाई कर रहे हैं। गुरुवार को शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना के बाद पूरा नगर और सहकर्मियों में गहरा शोक है।
कन्वेयर बेल्ट क्या होता है?
कन्वेयर बेल्ट एक चलती हुई पट्टी होती है जो खदान, प्लांट से लौह अयस्क को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने का काम करती है। कन्वेयर बेल्ट को चलाने के लिए नीचे रोलर लगे होते हैं।
ये बेल्ट को सहारा देते हैं। रिटर्न रोलर बेल्ट के निचले हिस्से में लगे होते हैं। ऊपर की बेल्ट सामान ले जाती है, और नीचे की बेल्ट खाली लौटती है। इस घटना के बाद सुरक्षा से जुड़े प्रश्न अब गंभीर रूप से उठ रहे हैं। जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी आ पायेगी और असल कारणों का पता चल पाएगा।


