दन्तेवाड़ा

बचेली हाईस्कूल मैदान के पास खड़ी पोकलेन में आगजनी, बड़ा हादसा टला
18-Jan-2026 6:34 PM
बचेली हाईस्कूल मैदान के पास खड़ी पोकलेन में आगजनी, बड़ा हादसा टला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 18 जनवरी। पुराना मार्केट क्षेत्र स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान के समीप खड़ी एक पोकलेन मशीन में शुक्रवार देर रात अज्ञात द्वारा आग के हवाले कर दिया गया।

पुराना मार्केट नकुलनार जाने वाली रोड पर शासकीय हाईस्कूल के पास घटना रात लगभग 2.30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। पोकलेन मशीन सडक़ किनारे खड़ी थी। वहीं पास में कार्यरत मजदूर तंबू लगाकर सो रहे थे। अचानक पोकलेन में उठती आग की लपटें देखकर चौकीदार ने तत्परता दिखाते हुए सभी मजदूरों को तुंरत जगाया। आग बुझाने के पानी डाला गया, लेकिन इससे आग और भडक़ गई। इसके बाद एनएमडीसी की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने तक पोकलेन मशीन का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और मंामले की जांच शुरू कर दी गई। इस घटना मेंं किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

 प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि पोकलेन में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

पुलिस ने इस घटना को गंभीर मानते हुए अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर पहलू से जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि यह पोकलेन एनएमडीसी स्लरी बेनिफिशियल प्लांट के लिए विद्युत हाइटेंशन टावर लगाने के कार्य में उपयोग की जा रही थी। तेलंगाना के ठेकेदार पवन रेड्डी व सुपरवाइजर शेखर रेड्डी व विघुत विभाग के देखरेख में यह कार्य हो रहा है।

घटनास्थल के पास स्कूल का मैदान है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों द्वारा पहले भी असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें की जाती रही हैं। रात के समय यहां असामाजिक तत्वों की मौजूदगी और अवैध गतिविधियों की बातें सामने आती रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस गश्त की कमी के चलते इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। लोगों ने इलाके में नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट