दन्तेवाड़ा

पालिका ने अवैध निर्माण कार्य रोके
18-Jan-2026 9:16 PM
पालिका ने अवैध निर्माण कार्य रोके

दंतेवाड़ा/किरंदुल, 18 जनवरी। नगर पालिका परिषद किरंदुल ने बिना अनुमति किए जा रहे भवन, दुकान एवं अन्य निर्माण कार्यों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पालिका से पूर्व अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य किया जाना नियमों के विरुद्ध है।

नगर पालिका द्वारा जारी निर्देशों के तहत अवैध निर्माण के मामलों में कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर पालिका के मुख्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम ने नगर के मुख्य मार्ग के किनारे किए जा रहे चार निर्माण कार्यों को रोक दिया।

प्रशासन के अनुसार, संबंधित निर्माण कार्य बिना नगर पालिका की अनुमति के किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को भी जब्त किया गया।

जिन व्यक्तियों के निर्माण कार्य रोके गए हैं, उनमें मोहम्मद हुसैन, गणेश गुप्ता, धर्मेन्द्र गुप्ता एवं शिवलाल शामिल हैं। बताया गया है कि इन सभी को पूर्व में निर्माण कार्य बंद करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया।

नगर पालिका के मुख्य अधिकारी ने बताया कि नियमों की अवहेलना को देखते हुए संबंधित अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रोका गया तथा सामग्री जब्त की गई है।

इस कार्रवाई में नगर पालिका की टीम से श्री नरेश साहू, गोरी तिवारी, मनराखन ठाकुर एवं मानसिंह नाग शामिल रहे।

नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व आवश्यक अनुमति प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई की स्थिति न बने।


अन्य पोस्ट