दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 26 नवंबर। जिले के धान खरीदी केन्द्रों में किसानों द्वारा धान की आवक में इजाफ़ा हो रहा है। इसी कड़ी मेें ग्राम पंचायत बालूद के धान खरीदी केंद्र में भी किसानों की बड़ी संख्या बुधवार को पहुंची।
एक किसान सम्भूनाथ सेठिया भी धान लेकर सहकारी समिति पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा 80 क्विंटल धान ( किस्म 1001 ) मोटा धान हेतु टोकन लेम्पस कटवाया गया। वे बताते है कि उनकी लगभग 5 एकड़ की खेती है। जिसमें उन्होंने मोटा धान लगाया है।
धान उपार्जन केन्द्रों में प्रशासन द्वारा पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने से उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। टोकन समय पर मिला, तुलाई सुचारू रूप से हुई और पूरा कार्य पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही धान खरीदी की व्यवस्था और सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले साल की भांति इस बार भी धान खरीदी प्रक्रिया सरल, व्यवस्थित और किसानों के अनुकूल है।
244 क्विंटल धान की खरीदी
इसी क्रम में धान खरीदी केन्द्र के प्रबंधक लाकेश टंडन ने बताया कि उपरोक्त केन्द्र के अन्तर्गत 12 गांव आते हैं, इस केंद्र में विगत् वर्ष 31 हजार 4 सौ क्विंटल धान खरीदी की गई थी। जबकि इस वर्ष केन्द्र में 12 सौ कृषकों का पंजीयन दर्ज है।
जिसका कुल रकबा 1 हजार 9 सौ 94 है। केंद्र में अब तक 244.20 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। आगामी दिनों में धान की आवक और अधिक तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


