दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 22 नवंबर। कलेक्टर कुणाल दुदावत विकासखंड कटेकल्याण के ग्राम पंचायत तुमकपाल पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ गांव में दी जा रही सुविधाओं का मूल्यांकन किया। आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, राशन वितरण व्यवस्था, प्राथमिक स्कूलों की हालत, पेयजल उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाएं और ग्रामीणों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं का उन्होंने विस्तार से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत शासकीय प्राथमिक विद्यालय भवन को देखा। उन्होंने तत्काल इसके उन्नयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह स्कूल जल्द ही स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक शिक्षा का वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित विभाग को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
आधुनिक विधि से करें खेती
कलेक्टर ने किसानों के साथ चर्चा करते हुए उन्हें उन्नत खेती, मिश्रित फसल प्रणाली और जैविक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि कुलथी और रागी आदि फसलों के गुणवत्तापूर्ण बीज कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिससे उत्पादन बढ़े और किसानों की आय में इजाफा होगा। ग्रामवासियों ने पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली, सडक़ मरम्मत और वनाधिकार पट्टों से जुड़े मुद्दे भी कलेक्टर के सामने रखे।
जिन पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि गांव की बुनियादी आवश्यकताओं को प्राथमिकता पर रखा जाएगा और प्रत्येक समस्या का समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में गुणवत्तापूर्ण पोषण की व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नियमित जांच और बच्चों के स्वास्थ्य मूल्यांकन को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। युवाओं के लिए कौशल विकास गतिविधियां शुरू की जाएंगी। जिन ग्रामीणों को वनाधिकार का लाभ मिलना है, ऐसे मामलों का निदान किया जाएगा। दौरे में सीईओ जयंत नाहटा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


